देश के 16 वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए आज विधानसभा भवन में बनाए गए मतदान केंद्र में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक सहित सभी 90 विधायकों ने वोट डाले। मतदान सुबह दस बजे शुरू हुआ। मतदान की निर्धारित अवधि खत्म होने के बाद शाम पांच बजे मतपेटी को सीलबंद किया गया। राष्ट्रपति चुनाव के लिए नियुक्त सहायक रिटर्निंग ऑफिसर सीलबंद मतपेटी को लेकर आज रात सवा नौ बजे नियमित विमान से नई दिल्ली जाएंगे। वहां 21 जुलाई को मतों की गिनती की जाएगी।
छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में बनाए गए स्ट्रांग-रूम से आज सवेरे मतपेटी को निकालकर मतदान कक्ष में रखा गया। राष्ट्रपति पद के दोनों उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंट, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर व प्रेक्षक तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की मौजूदगी में सीलबंद मतपेटी को खोलकर व जांचकर मतदान के लिए रखा गया। शाम पांच बजे मतदान की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद मतपेटी को पुनः सीलबंद किया गया।
मतदान के लिए मतपेटी को खोलने और मतदान के बाद दोबारा सीलबंद करने के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पी. दयानंद, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शिखा राजपूत तिवारी, विधानसभा के सचिव दिनेश शर्मा, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ के लिए नियुक्त ऑब्जर्वर राकेश रंजन और प्रेक्षक मलय मलिक, उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंट विधायक मोहित राम केरकेट्टा और डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal