द सीजी न्यूज
दुर्ग/ निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने खटाल संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि जल्द से जल्द शहर से बाहर गोकुल नगर में शिफ्ट हो जाएं। आज वार्ड 43 में गंदगी देखकर कमिश्नर ने बल्ला डेयरी व नरेंद्र डेयरी के संचालकों से 500-500 रुपए का अर्थदंड वसूल करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला मौजूद रहा। कमिश्नर ने भैंस खटाल संचालकों को गोकुल नगर में आवंटन के बाद भी शिफ्ट न होने पर नाराजगी जताई। कमिश्नर ने बाजार अधिकारी को सभी खटाल संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और शहर में भैंस खटालों को गोकुल नगर में शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि स्कूल, कॉलोनी,अस्पताल और भीड़ वाली जगहों पर संचालित खटाल संचालकों को नोटिस जारी करें। खटाल संचालकों द्वारा गोबर को नाली में बहाने और अनावश्यक रूप से खटाल के आसपास गंदगी पसरी होने के बावजूद खटाल संचालक सफाई की ओर ध्यान नहीं देते। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका भी रहती है। कई तरह की संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी खतरा बना रहता है। पशुओं को खुला छोड़ने से यातायात भी प्रभावित होता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करें और आसपास की नालियों में गोबर न फेंके।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
