द सीजी न्यूज
दुर्ग । भारी बारिश के कारण एक ओर जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, बिजली सप्लाई में रुकावट न आने देने के लिए बिजली कर्मी लगातार दिन रात संघर्ष कर रहे हैं। लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर पोल व केबल टूट गए हैं। कुछ जगहों पर ट्रांसफार्मर और पोल पानी से घिर गए हैं या डूब गए हैं। इसके बावजूद विद्युत सप्लाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए विद्युत विभाग के कर्मचारी जुटे रहते हैं। जरूरत पड़ने पर नाव से या पानी में तैर कर फॉल्ट सुधारा जा रहा है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के विभागीय संभाग बेमेतरा के अंर्तगत 11 के.व्ही नवागढ़ फीडर की लाइन में फाल्ट आने के कारण लाइन कर्मियों की टीम नाव से बांध के बीच पहुंची। फॉल्ट के कारण मुड़पार, बेमेतरा और चारभाठा खार की लाइन बंद हो गई थी। 11 के.व्ही. लाइन की पेट्रोलिंग करने पर मुड़पार बांध में एक नग पिन इंसुलेटर पंचर पाया गया। सहायक अभियंता गुलाब साहू ने बताया कि 11 के.व्ही लाइन बांध से गुजरी है।बारिश के कारण बांध में पानी ज्यादा था। इसके बावजूद फाल्ट सुधारने नाव की व्यवस्था कर मौके पर बिजली कर्मी पहुंचे और पोल पर चढ़कर लाइन दुरुस्त किया।
इसके बाद मुड़पार बस्ती में बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। सहायक अभियंता गुलाब साहू ने बताया कि यह कार्य करने के लिए बेमेतरा (ग्रामीण) के सहायक लाइनमेन सुगनचंद कोशले, लाइन परिचारक श्रेणी दो अमित गिरी और डामेश्वर नेताम की टीम तैयार कर लाइन सुधार के लिए भेजा गया था। मुख्य अभियंता एम.जामुलकर ने कहा कि लाइन कर्मचारी पॉवर कंपनी के आधार स्तंभ हैं। वे अपना जीवन संकट में डालकर सप्लाई व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहते हैं। विपरित परिस्थितियों में भी लाइन कर्मियों की सूझबूझ से कार्य करने का जज्बा प्रशंसनीय है। उच्च अधिकारियों द्वारा भी उनके कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

