- सभी शासकीय शिक्षकों की विवरण सहित फोटो शाला परिसर की बाहरी दीवार में होगी प्रदर्शित
- सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश
द सीजी न्यूज
सुदूर अंचलों में स्थित शालाओं में निरीक्षण के दौरान प्रोक्सी यानी अपने स्थान पर एवजी शिक्षकों के कार्यरत होने की जानकारी मिलने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत समग्र शिक्षा के प्रबंध संचालक नरेन्द्र दुग्गा ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आगामी 10 दिनों के भीतर कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। प्रोक्सी या एवजी शिक्षकों की जानकारी प्राप्त होने पर संकुल समन्वयकों के माध्यम से तत्काल इसकी शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी को कराते हुए एक्शन लेने कहा गया है।
एवजी या प्रोक्सी शिक्षकों की समस्या के निराकरण के लिए आगामी दस दिनों के भीतर सभी शालाओं में कार्यरत शासकीय शिक्षकों के फोटो और उनके नाम सहित विवरण बाहरी दीवार पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। शासकीय शिक्षकों के दस्तावेजों का कार्यालय में वेरिफिकेशन करते हुए प्रमाणीकरण करने कहा गया है। शाला प्रबन्धन समिति के साथ सभी कार्यरत शासकीय शिक्षकों का परिचय सत्र आयोजित कर प्रत्येक शिक्षक द्वारा उनके समक्ष शाला गुणवत्ता सुधार हेतु लक्ष्य निर्धारित कर प्रस्तुतीकरण करने भी कहा गया है।
जिला शिक्षा अधिकारियों को सभी शालाओं में आगामी दस दिनों के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित करने कहा गया है, जिससे राज्य स्तर से निरीक्षण के दौरान सभी शालाओं में यह व्यवस्था लागू होने की सूचना मिल सके।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal