- बीएसपी टाउनशिप की प्रमुख समस्याओं को लेकर भिलाई के मेयर नीरज पाल ने केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को 19 एजेंडों का पत्र सौंपा।
- गंदे पेयजल की आपूर्ति का समाधान करने और सेक्टर 9 अस्पताल के उन्नयन सहित टाउनशिप के हित के लिए मंत्री से की चर्चा
द सीजी न्यूज
भिलाई नगर/ आज केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के भिलाई आगमन पर मेयर नीरज पाल ने बीएसपी टाउनशिप की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। नीरज ने इस्पात मंत्री को 19 बिंदुओं पर जानकारी देते हुए पत्र सौंपकर समस्या का निराकरण करने की मांग की। मेयर ने विशेष रूप से टाउनशिप में गंदे पानी की सप्लाई का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। नीरज ने कहा कि इसका समाधान करना नितांत आवश्यक है। इस दौरान बीएसपी प्रबंधन के डायरेक्टर इंचार्ज अनिर्बन दासगुप्ता सहित महापौर परिषद के सदस्य राजस्व प्रभारी सीजू एंथोनी और स्वास्थ्य प्रभारी लक्ष्मीपति राजू भी मौजूद रहे।
इन मुद्दों पर सौंपा ज्ञापन
1. भिलाई इस्पात संयंत्र भिलाई सेक्टर क्षेत्र और खुर्सीपार बी.एस.पी. क्षेत्र में पाइपलाइन पुरानी होने के कारण से गंदा पानी आने के संबंध में महापौर ने समाधान की मांग की है। लगभग 60 -62 साल पुरानी पाइप लाइन और फिल्टर प्लांट के माध्यम से सेक्टर और खुर्सीपार क्षेत्र में वाटर सप्लाई हो रही है। पुरानी लाइन होने के कारण गंदा पानी आने की शिकायत रही है। भिलाई इस्पात संयंत्र भिलाई क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या का तत्काल समाधान करना, जल शोधन संयंत्र का उन्नयन करना, पाइपलाइनों और उच्च स्तरीय पानी टंकी जल वितरण नेटवर्क की ओवरहालिंग करना जरूरी है।
2. भिलाई इस्पात संयंत्र भिलाई क्षेत्र में बिजली आपूर्ति का हस्तांतरण करने की मांग की गई है। छ.ग. विद्युत मण्डल को हस्तांतरण करने के संबंध मे यह मामला निदेशक मंडल के स्तर पर लंबित है।
3. खुर्सीपार और केम्प क्षेत्र को नगर पालिक निगम भिलाई को हस्तांतरित करने की मांग भी की गई है।खुर्सीपार और कैम्प क्षेत्र की कुछ भूमि का स्वामित्व भिलाई इस्पात संयंत्र के पास होने से कई प्रकार की कार्यवाही में समस्याएं आती है। भूमि का अतिक्रमण हटाना, व्यवस्थापन, आबंटन में कठिनाई हो रही है। यह क्षेत्र निगम के स्वामित्व में हो जाने से और अन्य प्रकार की कार्यवाही में कानूनी अडचन नहीं होगी।
4. जवाहर लाल नेहरू अस्पताल, सेक्टर-9, भिलाई इस्पात संयंत्र भिलाई का पुर्नविकास और उन्नयन करने की मांग भी इस्पात मंत्री से की गई है। पं. जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र भिलाई खुलने के बाद से यह अस्पताल क्षेत्र के नागरिकों के स्वास्थ्य के लिये अग्रणी रहा है। वर्तमान में संसाधनों का अभाव है, जिसके पुर्नविकास की आवश्यकता है।
5. भिलाई इस्पात संयंत्र भिलाई में कार्य कर रहे कर्मचारी का कोविड से दिवंगत परिवार के सदस्यों कों अनुकम्पा नियुक्ति देने की मांग भी की गई है।
6. भिलाई इस्पात संयंत्र भिलाई की बहुत से आवास रिक्त होने के कारण अवैध कब्जे कर लिये जाते है। भिलाई इस्पात संयंत्र से सेवानिवृत्त होने के बाद लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया जाता है। अतिक्रमण से बचने के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र भिलाई में कार्य कर रहे कर्मचारियों को ही आबंटित आवास मकान को लीज पर दिया जाना चाहिए।
7. भिलाई में 10 एकड़ भूमि हस्तांतरण के संबंध में – भिलाई इस्पात संयंत्र भिलाई के सेक्टर क्षेत्रों में कमजोर आय वर्ग के लोग नाला के किनारे या रिक्त स्थानों पर झोपड़ी बनाकर निवास कर रहे है। उनके लिये प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान निर्माण हेतु भूमि की आवश्यकता है।
8. खुर्सीपार क्षेत्र और केम्प क्षेत्र एवं सेक्टर – 1 से लेकर 10 तक के बी.एस.पी. क्वार्टरों के पीछे बैकलाइन की सफाई कार्य नही कराये जाने से बार – बार डेंगू/मलेरिया जेैसे अन्य बीमारियों का प्रकोप बढ़ता है। नियमित रूप से साफ सफाई की अत्यंत आवश्यता है। डोर – टू – डोर कचरा कलेक्शन नहीं होने के कारण रहवासियों द्वारा खाली स्थल/नुक्कड़ों पर कचरों को फेंक दिया जाता है। चूंकि भारत सरकार के मापदण्ड के अनुसार साफ – सफाई नहीं कराने से सफाई संबंधी नियमों में बहुत सारे कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। टाउनशिप क्षेत्रों की साफ – सफाई का संपूर्ण कार्य नगर निगम को सौंपता है तो उसका आने वाला व्यय भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन द्वारा वहन करें।
9. सेक्टर क्षेत्र के मकानो के पीछे का सीवरेज लाईन का संधारण के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र सेक्टर क्षेत्र का बसाहट लगभग 60 – 62 वर्ष पूर्व किया गया है आवास मकान से सीवरेज लाईन बहुत पुराने होने के कारण से जर्जर स्थिति में है। संधारण की शीघ्र आवश्यकता है।
10. लाइसेंसशुदा दुकानों को 14 फीट से 28 फीट तक निर्माण के लिए ऊंचाई की अनुमति देना।
11. सिविक सेंटर व अन्य क्षेत्रों में स्थित विभिन्न दुकानों के लीज नवीनीकरण की अनुमति।
12. भिलाई इस्पात संयंत्र क्षेत्र आवासों में किराया में वृद्धि।
13. अंग्रेजी माध्यम स्कूल के लिये भवन का चिन्हंकन।
14. नगर पालिक निगम रिसाली से संबंधित विषयक।
15. भिलाई टाउनशिप मे विभिन विकास कार्यो के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र अविलम्ब दिए जाए ।
16. टाउनशिप मे टरफेल्ट का कार्य पूरी तरह किया जाए,बदहाल सिवरेज प्रणाली को दुरस्त किया जाए. आवासों की रंगाई पोताई का कार्य किया जाए, जर्जर आवास की मरम्मत किया जाए।
17. भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों को 39 माह का एरियर्स का भुगतान शीघ्र हो।
18. सेल स्थापना के स्वर्ण जयंती एवं लाभ अर्जित करने के उपलक्ष मे सभी कार्यरत अधिकारियों/कर्मचारियों को सोने का सिक्का दिया जाए।
19. 600 वर्ग फीट के आवासों को लाइसेंस मे दिया जाए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
