रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात अभियान के तहत 18 से 21 सितंबर तक बालोद जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री 18 सितंबर को बालोद जिले के विधानसभा क्षेत्र गुण्डरदेही, 19 सितंबर को डौण्डीलोहारा और 20 सितंबर को संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र में आम जनता से सीधे रू-ब-रू होंगे। मुख्यमंत्री तीनों विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में लोगों से भेंट-मुलाकात करने के साथ ही शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा और फीडबैक लेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान विभिन्न समाज और संगठनों के पदाधिकारियों से भेंट-मुलाकात, मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा और विकास व निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। मुख्यमंत्री 21 सितंबर को बालोद से रायपुर लौट आएंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में आम जनता से भेंट-मुलाकात के अभियान की शुरुआत 4 मई से की है। मुख्यमंत्री अब तक भेंट-मुलाकात अभियान के तहत 15 जिलों के 31 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके है, जिसमें सरगुजा संभाग की 14 विधानसभा, बस्तर संभाग की 12 विधानसभा, बिलासपुर संभाग गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले की मरवाही विधानसभा और रायगढ़ जिले के रायगढ़, लैलूंगा, खरसिया व धरमजयगढ़ विधासभा शामिल हैं।