द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर छत्तीसगढ़ में पहली बार बैडमिंटन का अंतर्राष्ट्रीय मुक़ाबला होने जा रहा है। इसमें भारत के अलावा 11 अन्य देशों के बैडमिंटन खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। बैडमिंटन प्रतियोगिता में पुरुष व महिला श्रेणी में कुल 550 खिलाड़ी शिरकत करेंगे। खेल का आयोजन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा स्थित आई स्पोर्ट्स बैडमिंटन एरिना में होगा।
भारत के साथ ही श्रीलंका, थाइलैंड, कनाडा, अमेरिका, मालदीव, मॉरीशस, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया, जापान, युगांडा और जाम्बिया के बैडमिंटन खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। 20 से 25 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में पहले दो दिन यानी 20 व 21 सितंबर को क्वालीफ़ाईंग राउंड और 22 सितंबर से 25 सितंबर तक मुख्य ड्रा होंगे। इस दौरान पुरुष एकल, पुरुष युगल, महिला एकल, महिला युगल और  मिश्रित युगल मुक़ाबले खेले जाएँगे। प्रतियोगिता में पुरस्कार राशि 15 हज़ार अमेरिकी डॉलर तय की गई है।