Breaking News

राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव पर लगी मुहर : प्रदेश अध्यक्ष बनाने का अधिकार भी भावी कांग्रेस अध्यक्ष को

द सीजी न्यूज

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों की बैठक में आज दो प्रस्ताव पारित किये गए। राहुल गांधी को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री भूपेश  बघेल ने रखा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने दूसरा प्रस्ताव रखा जिसके तहत भावी कांग्रेस अध्यक्ष को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और AICC में प्रतिनिधि नियुक्त करने का अधिकार सौंपा गया है। रायपुर स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में हुई बैठक में दोनों प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिये गए।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर फिर से राहुल गांधी आरुढ़ हों, इसके लिए उन्होंने प्रस्ताव रखा। इसका समर्थन मोहन मरकाम, टीएस सिंहदेव, डॉ. चरणदास महंत, डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, डॉ. शिव डहरिया ने किया। मोहन मरकाम ने AICC डेलीगेट, प्रदेश अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी के गठन के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को अधिकृत करने का प्रस्ताव पेश किया। सीएम ने बताया कि इस प्रस्ताव का समर्थन स्वयं उन्होंने, टीएस सिंहदेव सहित अन्य साथियों ने किया। दोनों प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिए गए।

बैठक में मौजूद पीसीसी के प्रतिनिधि और पदाधिकारी।

उन्होंने कहा, अध्यक्ष मोहन मरकाम को यह जिम्मेदारी दी गई है कि इस प्रस्ताव को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन मिस्त्री तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आया है। छत्तीसगढ़ दूसरा राज्य है जहां ऐसा प्रस्ताव पारित किया गया। एक-दो दिनों में दूसरी प्रदेश इकाइयों से भी ऐसा प्रस्ताव आने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो राहुल गांधी को अध्यक्ष पद संभालने पर विचार करना चाहिए। चुनाव में बहुत कम दिन रह गया है। उम्मीद है कि सभी कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए राहुल गांधी इसके लिए सहमति प्रदान कर देंगे।

प्रदेश अध्यक्ष-कार्यकारिणी वाले प्रस्ताव का चुनाव पर असर नहीं

राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया 22 सितम्बर से शुरू हो रही है। उसी दिन से नामांकन पत्र मिलने लगेंगे। 24 सितम्बर से नामांकन शुरू होगा। अध्यक्ष चुनाव के लिए 30 सितम्बर तक नामांकन दाखिल किया जा सकता है। अगर एक से अधिक व्यक्तियों ने नामांकन किया तो चुनाव की नौबत आएगी। इसके लिए 17 अक्टूबर को मतदान की तिथि तय की गई है। मतगणना 19 अक्टूबर को होगा। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव अधिकरण के अध्यक्ष मधुसुदन मिस्त्री ने पिछले दिनों स्पष्ट किया था कि कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में इस प्रस्ताव का कोई असर नहीं होगा।

कई उम्मीदवार हुए तो हर राज्य में चुनाव

अगर एक से ज्यादा कैंडिडेट होंगे, तो देश के सभी राज्यों के अंदर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ऑफिस में वोटिंग होगी। इसके लिए वोटरों को आइडेंटिटी कार्ड जारी किए गए हैं। मतदान के लिए आइडेंटिटी कार्ड साथ में लेकर आना होगा, जिनके पहचान पत्र पर फोटो लगा है, उन्हें आधार कार्ड लाने की जरूरत नहीं है। जिन्होंने फोटो नहीं भेजे और उनका कार्ड तैयार हो गया है, उनको पहचान पत्र के साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा।

Check Also

जेआरडी स्कूल में बनेगा 270 सीटर ऑडिटोरियम

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के पहल से ऐतिहासिक स्कूल का होगा संरक्षण THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!