मोहाली। मोहाली स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में देर रात ढाई बजे हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि गर्ल्स हॉस्टल में एक छात्रा ने 60 छात्राओं की नहाते समय वीडियो बना दी और अपने बॉय फ्रेंड को भेज दिया। युवक ने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दी। इधर पुलिस का कहना है कि आरोपित छात्रा ने एक ही वीडियो बनाई थी। सीएम भगवंत मान ने लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह देते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

हास्टल मैनेजर रितु रनौट की शिकायत पर पुलिस ने छात्रा व उसके पुरुष मित्र के खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया है। युवक शिमला का रहने वाला है और उसका नाम सन्नी है। युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस शिमला जा रही है। छात्रा को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है।

सूत्रों के अनुसार वीडियो बनाने और इसे इंटरनेट में वायरल करने का मामला उजागर होने पर हास्टल में रहने वाली आठ छात्राओं ने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस आत्महत्या की बात से इन्कार कर रही है। चंडीगढ़ विश्‍वविद्यालय के डीपीआरओ ने किसी भी छात्रा के आत्‍महत्‍या की कोशिश करने की बात को गलत करार दिया है। एसएसपी ने बताया है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसएसपी मोहाली ने बताया कि यह केस एक छात्रा द्वारा अन्य छात्राओं का वीडियो शूट करने का है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी छात्रा को अरेस्ट कर लिया गया है। इस घटना से संबंधित किसी की भी मौत की कोई सूचना नहीं है। मेडिकल रिकार्ड के अनुसार किसी भी छात्रा द्वारा आत्महत्या करने की कोई सूचना नहीं मिली है। एक छात्रा तनाव में थी उसे एंबुलेंस से ले जाया गया था।

एसएसपी विवेकशील सोनी का कहना है कि अब तक की जांच में यह पता चला है कि आरोपित के पास सिर्फ एक ही वीडियो है। उसने किसी और का कोई अन्य वीडियो रिकार्ड नहीं किया है। छात्रा के इलेक्ट्रानिक उपकरण और मोबाइल फोन को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।

इधर, भड़के स्टूडेंट्स ने शनिवार देर रात चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी को घेर लिया और वी फार जस्टिस की नारेबाजी करने लगी। बताया जा रहा है की जिस युवती ने वीडियो बनाए हैं उसे हास्टल के एक कमरे में बंद करके रखा गया है, ताकि उस पर हमला न हो जाए। हंगामा इतना बढ़ा कि सिक्योरिटी गार्ड ने मुख्य गेट बंद कर दिया। पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया है। भड़के स्टूडेंट्स ने पीसीआर गाड़ियां भी पलट दी और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत की प्रबंधन से की थी, लेकिन प्रबंधन मामले में चुप्पी साधे रहा। उन्हें मामले के बारे में किसी को कुछ भी बताने से मना कर दिया। गत रात्रि जब छात्राओं ने आत्महत्या का प्रयास किया तो प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

केजरीवाल बोले- कड़ी सजा देंगे

आम आदमी पार्टी के प्रमुख व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने घटना की कड़ी निंदा की। केजरीवाल ने कहा कि दोषियों को कड़ी सजा देंगे। उन्होंने पीड़ित छात्राओं से हिम्मत रखने कहा है। केजरीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में एक लड़की ने कई छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करके Viral किए हैं। ये बेहद संगीन और शर्मनाक है। इसमें शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। पीड़ित बेटियाँ हिम्मत रखें। हम सब आपके साथ हैं। सभी संयम से काम लें।

वीसी बोले- वीडियो वायरल होने की बात अफवाह

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के प्रो वीसी डा. आरएस बावा का कहना है कि हास्टल में किसी भी छात्रा ने आत्महत्या नहीं की है। उन्होंने कहा कि घटना में किसी लड़की को अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि वीडियो वायरल होने की बात अफवाह है। छात्रा के पास एक वीडियो मिला है। वह भी उसका अपना है।