मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज पूरे प्रदेश में सड़कों की हालत का जायजा लिया। रोड निर्माण कार्यों के चल रहे सभी प्रोजेक्ट की समीक्षा की। सीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बारिश थमते ही पूरे प्रदेश में सड़क निर्माण कार्यों को तेजी के साथ पूरा किया जाए। बता दें कि इस समय प्रदेश के अधिकांश इलाकों में सड़कों की हालत को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें मिल रही हैं।

रायगढ़ जिले में मुख्यमंत्री के भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान लगातार सड़कों की हालत दयनीय होने की शिकायतें मिलने पर नाराजगी जताते हुए सीएम ने चीफ इंजीनियर को भी हटा दिया था। अब सीएम ने सड़कों की हालत को लेकर विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिये हैं।

आपको बता दें दुर्ग भिलाई रायपुर फोरलेन की हालत दयनीय हो चुकी है। फ्लाई ओवर निर्माण कार्य काफी समय से धीमी गति से चल रहे हैं। रायगढ़ और कोरबा डिस्ट्रिक्ट में भी सड़कें खस्ताहाल हैं। नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने और समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश देते हुए सीएम ने कहा है कि बारिश थमते ही सभी कार्यों को द्रुत गति से पूरा किया जाए।

बैठक में गृह एवं लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, पीडब्लूडी सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेसी, सचिव डॉ. एस. भारतीदासन,  वित्त विभाग की सचिव अलरमेलमंगई डी., ऊर्जा विभाग के सचिव अंकित आनंद, सी.जी.आर.आई.डी.सी.एल के प्रबंध संचालक साराँश मित्तर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।