द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ के लिए राष्ट्रीय खेल में आज का दिन भी मेडल वाला रहा। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने टीम फॉयल चैम्पियनशिप फेंसिंग (तलवारबाजी) में रजत पदक जीता। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और खेल मंत्री उमेश पटेल ने इस उपलब्धि के लिए टीम के खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

गुजरात के गांधीनगर में आयोजित राष्ट्रीय खेल में फेंसिंग खिलाड़ियो का शानदार प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। राज्य फेंसिंग के फॉयल इवेंट में छत्तीसगढ़ टीम के खिलाड़ी दुर्गेश मिलिंद, के. डेनी सिंह, एस. निंग थोमाबा, तुषार अहेर ने क्वाटर फाइनल मुकाबले में बिहार को 45-34 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में हरियाणा को नजदीकी मुकाबले में 45-40 से हराकर फायनल में प्रवेश किया। फायनल मुकाबले में राज्य के खिलाड़ियों ने संघर्षणूर्ण प्रदर्शन किया। दूसरे और तीसरे दौर में शानदार वापसी की लेकिन स्वर्ण पदक नहीं जीत सके। एस.एस.सी.बी. सर्विसेस की टीम से 34-45 से परास्त होकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
टीम के कोच श्री वी. जॉनसन सोलोमन और प्रवीण कुमार गनवारे, टीम मैनेजर अखिलेश दुबे ने बताया कि प्रदेश फेंसिंग के अध्यक्ष डॉ. एस. भारतीदासन और महासचिव बशीर अहमद खान, संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव, सीडीएम अतुल शुक्ला और डिप्टी सीडीएम रूपेंद्र सिंह चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है।
राष्ट्रीय खेल में तीन अक्टूबर को कल एपी इवेंट में टीम चैम्पियनशिप का खिताबी मुकाबला पुरुष वर्ग का फाइनल में मुकाबला होगा। इसमें भी छत्तीसगढ़ टीम को पदक की उम्मीद है। 36वें राष्ट्रीय खेल में आज आर्चरी, एथलेटिक्स, एकवेटिक्स एवं फेंसिंग के टीम इवेंट में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स की 200 मीटर हिट्स में राज्य के खिलाड़ी अनिमेष कुजूर ने शानदार दौड़ लगाते हुए दूसरा स्थान प्राप्त कर फायनल के लिए क्वालीफाई किया। एकवेटिक्स में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी रूद्राक्ष साहू 200 मीटर फ्री स्टाइल में 16 वें और 100 मीटर में 20 वें स्थान पर रहे। प्रदेश की भूमि गुप्ता ने महिलाओं के बटरफ्लाई में 1.09.85 का समय निकालकर संतोषजनक प्रदर्शन किया, लेकिन फायनल में स्थान बनाने से चूक गईं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
