
राजधानी क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में देश के जैविक खाद्य उत्पादों और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के जैविक उत्पादों की जबर्दस्त मांग हो रही है। 7 नवंबर से शुरू हुई प्रदर्शनी 9 नवंबर तक लगाई जाएगी। मेले में छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल की काफी डिमांड है। देश के अलग अलग राज्यों के अलावा खाड़ी के देश सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत, यूएई, कतर आदि देशों से सुगंधित चावल की डिमांड आई है।
सुगंधित चावल में सबसे ज्यादा जवाफुल, रामजीरा, विष्णुभोग, दुबराज की खरीदारी हो रही है। इसके अलावा मेले में लैब में आर्टिफिशियल तरीके से तैयार किए गए मशरूम की काफी डिमांड है। यह खास तरह का मशरूम हिमालय की तराई में 10 हजार फीट की ऊंचाई पर उत्पादित होता है। इसे छत्तीसगढ़ के लैब में कृत्रिम तरीके से टिशू कल्चर से तैयार किया जा रहा है।

इस मशरूम से शरीर की रोग प्रतिरोध क्षमता बढ़ती है। हार्ट अटैक से बचाव, किडनी को स्वस्थ रखने और बीपी कंट्रोल करने में भी सहायक है। मशरूम के लिए वियतनाम, सिंगापुर के लोग ज्यादा रुचि ले रहे हैं। मेले में प्रदेश के जैविक चावल, दाल, हर्बल टी, मसाले, बस्तर की इमली, अलसी, मुनगा के विभिन्न उत्पाद कैप्सूल, टैबलेट, पाउडर, तेल, प्रसंस्कृत खाद्य, औषधीय पौधों समेत कई जैविक उत्पाद उपलब्ध हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal