- कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने ली बैठक, पीछे से रास्ता खोलने के निर्देश दिये
- मेडिकल कालेज में खेल की अधोसंरचना भी होगी बेहतर, वालीबाल-बैडमिंटन कोर्ट बनेंगे
द सीजी न्यूज

दुर्ग / सीसीएम हास्पिटल तक मरीजों को पहुंचने में आवागमन की बेहतर सुविधा देने के लिए तीन नए रूट में बसें चलाई जाएंगी। ये बसें ऐसे रूट में चलाई जाएंगी, जिससे अधिकतम लोग लाभान्वित हो सके। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने सीसीएम हास्पिटल में अधिकारियों की बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में ओपीडी में अधिकतम मरीज आएं और इसकी सुविधाओं का लाभ लें। इस दिशा में कार्य करना होगा।
कलेक्टर ने कहा कि आसपास के गांवों को अधिकतम सुविधा अस्पताल के माध्यम से मिलनी चाहिए। मितानिन भी इसके लिए कार्य करें। क्लस्टरवार मितानिन मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए समन्वय करें। बैठक में अस्पताल के डीन पी के पात्रा, अस्पताल की नोडल अधिकारी पद्मिनी भोई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों से विस्तार से अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं के बारे में चर्चा की। चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल में मेडिसिन की रेंज और भी विस्तारित करने की जरूरत है। कलेक्टर ने इसके विस्तार के निर्देश प्रबंधन को दिये। साथ ही उन्होंने सभी दवाओं की मौके पर उपलब्धता सुनिश्चित करने निरंतर मानिटरिंग करने कहा।
कलेक्टर ने कहा कि हमें सबसे ज्यादा फोकस चार ओटी पर करना है। इसमें आप्थैल, इमरजेंसी, गायनिक जैसे ओटी प्रमुख हैं। मैनपावर और संसाधनों की जरूरत के संबंध में जानकारी मिलने पर व्यवस्था की जा सकेगी। एक्सरे, सोनोग्राफी जैसे उपकरणों की मुकम्मल व्यवस्था रखें ताकि मरीजों को सर्वाेत्तम इलाज मिल सके।
बैठक में बताया गया कि कुछ ग्रामीणों को काफी घूमकर आना पड़ता है। कलेक्टर ने पीछे का रास्ता खुलवा देने के निर्देश दिये, ताकि मरीजों को किसी तरह की दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि लोगों को अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी के बारे में भी अवगत कराया जाए। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
कालेज कैंपस में वालीबाल, बैडमिंटन कोर्ट बनाने के निर्देश दिये- कालेज में जरूरी सुविधाओं पर भी कलेक्टर ने निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कैंपस बहुत सुंदर हो। साफसुथरा हो। छात्रों को किसी तरह की दिक्कत न हो। इसके साथ ही उनके खेलकूद की गतिविधियों का भी पूरा इंतजाम हो। इसके लिए उन्होंने यहां वालीबाल और बैडमिंटन कोर्ट बनाने के निर्देश दिये।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal