Breaking News

सिकोलाभाठा अंडरब्रिज के सामने रेलवे ने रख दिया लोहे का भारी-भरकम स्ट्रक्चर : वीआईपी से लोकार्पण कराने के बाद ही शुरू होगा आवागमन : आवाजाही बंद करने से आम जनता परेशान : वोरा बोले – नागरिकों की परेशानी क्यों नहीं समझ रहे रेलवे के अधिकारी

अंडरब्रिज के मुहाने पर भारी गर्डर रखने से महिलाओं और बच्चों को आवाजाही में हो रही है परेशानी

द सीजी न्यूज

शहर में दो रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी रेलवे ने इसे खोलने की बजाय बंद कर रखा है। पिछले दिनों सिकोलाभाठा अंडरब्रिज को स्थानीय नागरिकों के साथ कांग्रेस नेताओं ने आवागमन के लिए खोल दिया था। इसके बाद डीआरएम ने दुर्ग में सर्किट हाऊस में आकर सांसद विजय बघेल से चर्चा की और सिकोलाभाठा अंडरब्रिज को बंद कर दिया गया है। रेलवे ने यहां भारी गर्डर रखवा दिया है। पटरीपार में विकास कार्यों का भूमिपूजन करने गए विधायक अरुण वोरा ने आज रेलवे अधिकारियों के रवैये पर गहरी नाराजगी जताई। स्थानीय नागरिकों के साथ स्कूली बच्चों ने वोरा से मांग करते हुए कहा कि अंडरब्रिज तत्काल खोला जाए।

स्कूली बच्चे भी परेशान … साइकिल उठाने की मशक्कत के दौरान लग सकती है चोट … रेलवे अधिकारियों ने गर्डर रखवाकर साध लिया मौन …

आज विधायक अरुण वोरा ने इस मामले को लेकर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि हजारों स्कूली बच्चों, ठेला-रिक्शा चलाने वालों के साथ पटरीपार की डेढ़ लाख आबादी को सुविधा देने के लिए अंडरब्रिज को आवागमन के लिए तत्काल शुरू किया जाए। वोरा ने कहा है कि रायपुर नाका अंडरब्रिज को भी फौरन आवागमन के लिए खोला जाए।

वोरा ने  रेलवे द्वारा दोनों अंडरब्रिज को बंद कराने के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेता व स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे …

वोरा आज पटरीपार इलाके में भूमिपूजन करने गए थे। वहां स्थानीय नागरिकों ने वोरा से रेलवे के अफसरों की शिकायत करते हुए कहा कि सिकोलाभाठा अंडरब्रिज को रेलवे ने बंद करा दिया है। इसे तत्काल खोलने की मांग करते हुए नागरिकों ने रेलवे के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी है। वोरा ने कहा कि साढ़े 14 करोड़ की लागत से दो अंडरब्रिज का निर्माण नागरिकों को सुविधा देने के लिए शुरू किया गया है। रेलवे के अधिकारी तत्काल दोनों अंडरब्रिज में आवागमन शुरू कराएं।

नागरिकों ने बताया कि अंडरब्रिज से आवागमन प्रारंभ होने पर उन्हें जो सुविधा मिली थी, वो सुविधा बंद कर दी गई है। रेलवे अधिकारियों के रवैये के कारण अंडरब्रिज से होकर आवाजाही करने में काफी असुविधा हो रही है। इस मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस नेताओं ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है। निरीक्षण के दौरान महापौर धीरज बाकलीवाल, एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, दीपक साहू, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष महीप सिंह भुवाल सहित अन्य कांग्रेस नेता और स्थानीय नागरिक, स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

Check Also

जेआरडी स्कूल में बनेगा 270 सीटर ऑडिटोरियम

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के पहल से ऐतिहासिक स्कूल का होगा संरक्षण THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!