- टेल एरिया तक पानी पहुंचाने बनाएं कार्ययोजना
- पैरादान के लिए किसानों को अभी से करें प्रेरित
- शिवरीनारायण में तेजी से हो रहा पर्यटन सुविधाओं का विकास
- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिवरीनारायण में ली अधिकारियों की बैठक
द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज भेंट-मुलाकात के दौरान शिवरीनारायण में अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं के कामों की गुणवत्ता में सुधार किए जाने की जरूरत है। इस क्षेत्र के कुछ ग्रामों में शिकायत आई है। इसका समाधान होना चाहिए। अंचल के कुछ ग्रामों में डूबान क्षेत्रों के किसानों को मुआवजा राशि अभी तक नहीं मिल सकी है। उन्होंने कलेक्टर से कहा कि किसानों को राशि दिलाएं।
सीएम ने सिंचाई परियोजना के अंतर्गत टेल एरिया के खेतों तक पानी पहुंचाने की ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। शासकीय भूमि में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई ग्रामीणों की सहमति से किया जाना चाहिए। यथासंभव बल का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। समझने से लोग समझ जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की छोटी-छोटी अनुदान राशि गरीबों के लिए महत्वपूर्ण है। इसे प्राप्त करने के लिए उन्हें दफ्तर के बार बार चक्कर लगाने की जरूरत न पड़े। इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन द्वारा की गई घोषणाएं प्राथमिकता से और समय सीमा में पूर्ण करें। इसे लागू करने में विलंब नहीं होना चाहिए। धान कटाई का मौसम शुरू होने वाला है। बड़ी मात्रा में पैरा खेत में रहेगा। इसे गौठान को दान करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रशासन को अब स्वावलंबी गौठान के अलावा नए गौठानों पर भी ध्यान देना चाहिए। यहां से बड़ी संख्या में लोग बाहर काम के लिए जाते हैं। यदि गौठान और रीपा गतिविधियां अच्छी तरह से संचालित हाेगीं, तो पलायन थमेगा, उन्हें अपने घर के आसपास ही काम मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवरीनारायण राज्य का प्रमुख धार्मिक व ऐतिहासिक पर्यटन स्थल है। यहां आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए सरकार पर्याप्त सुविधाएं विकसित कर रही है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण के साथ साथ शहरी इलाकों की सड़कों की मरम्मत के लिए अभियान चलाने को कहा है। उन्होंने अवैध शराब, जुआ सट्टा, नशीली दवाइयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में स्कूल शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। न केवल शिक्षा विभाग बल्कि अन्य अफसर भी दौरे में स्कूलों का निरीक्षण करें। स्वामी आत्मानन्द स्कूलों के साथ अन्य स्कूलों की गुणवत्ता पर समान रूप से ध्यान देना है।
इस दौरान कमिश्नर डॉ संजय अलंग, आईजी रतनलाल डांगी, मुख्यमंत्री के सचिव अंकित आनंद, प्रभारी सचिव धनंजय देवांगन, कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा, एसपी विजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ फरिहा आलम सिद्धिकी सहित जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
