- उपचुनाव के लिए तिथि की घोषणा के साथ ही कांकेर जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी
द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष और भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज मंडावी के निधन से रिक्त हुए भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव के लिए तारीख की घोषणा कर दी गई है। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 5 दिसम्बर को वोट डाले जाएंगे। मतों की गिनती 8 दिसम्बर को होगी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही कांकेर जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।
छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि भानुप्रतापपुर विधानसभा उप निर्वाचन के लिए 10 नवम्बर को अधिसूचना का प्रकाशन किया जाएगा। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि 17 नवम्बर तय की गई है। नामांकन दाखिले की समाप्ति के बाद 18 नवम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। उम्मीदवार 21 नवम्बर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। उप निर्वाचन के लिए 5 दिसम्बर को मतदान होगा और 8 दिसम्बर को मतों की गिनती की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal