Breaking News

भानुप्रतापपुर में बोले CM भूपेश – सरकार कल विधेयक ला रही : गांव-गांव में पटाखा फोड़ना है … मिठाई बांटना है …

  • भाजपा नहीं चाहती थी कि आरक्षण मिले – भूपेश बघेल

द सीजी न्यूज

भानुप्रतापपुर / भानुप्रतापपुर उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी का प्रचार करने उतरे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को दुर्गुकोंदल और चारामा की सभाओं में आरक्षण को लेकर बड़ा दांव खेल दिया। उन्होंने कहा कि कल आदिवासी समाज को 32%, अनुसूचित जाति को 13%, अन्य पिछड़ा वर्गों को 27% और अपर क्लास के गरीबों को 4% आरक्षण देने का कानून विधानसभा में पारित होगा।

सीएम ने दुर्गुकोंदल में कहा कि भाजपा के लोग कभी नहीं चाहते थे कि आरक्षण मिले। 2004 से इनकी सरकार थी, लेकिन 32% आरक्षण 2012 में लागू हुआ। आठ साल ये लोग क्यों लागू नहीं किए। हम लोग इसका कानून बनाने का काम कर रहे हैं। एक्ट लागू करने वाले हैं। शुक्रवार को यह विधानसभा में पेश होगा। उसी दिन पारित हो जाएगा। इस पर गांव-गांव में पटाखा फोड़ना है और मिठाई बांटना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि न केवल आदिवासी समाज का आरक्षण 32% किया गया है, अन्य पिछड़ा वर्गों को भी 27% आरक्षण देंगे। रमन सिंह OBC में 14% से कभी आगे नहीं बढ़ पाए। हमारी सरकार उनके लिए 27% आरक्षण लागू करने जा रही है। अनुसूचित जाति को 13% और अपर क्लास के गरीबों को भी 4% आरक्षण मिलेगा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महंगाई का हवाला देकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, एक तरफ कांग्रेस की सरकार है जो आपकी जेब में पैसा डाल रही है। दूसरी तरफ केंद्र में भाजपा की सरकार है जो महंगाई बढ़ाकर आपकी जेब खाली कर रही है। ये लोग केवल हल्ला कर सकते हैं। इनका काम ही यही है राम नाम जपना, पराया माल अपना।

चारामा की सभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा – आज ये लोग आरक्षण का मुद्दा उठा रहे हैं। यह भाजपा का ही पाप है। ठीक ढंग से कानून बनाए होते तो आज ये स्थिति नहीं आती। कांग्रेस वो पार्टी है जिसने संविधान लागू किया है। संविधान में आदिवासी और अनुसूचित जाति के लिए जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण की बात है। मंडल आयोग ने पिछड़ा वर्गों के लिए 27% आरक्षण की बात कही है। अभी केंद्र सरकार ने सामान्य वर्ग के गरीबों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान किया है। कल छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन होने वाला है। कल आदिवासी समाज का 32%, अनुसूचित जाति को 13%, अन्य पिछड़ा वर्गों को 27% और अपर क्लास के गरीबों को भी 4% आरक्षण देने का कानून विधानसभा में पारित होगा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि उनकी सरकार आम लोगों की बेहतरी के लिए काम कर रही है। भाजपा की सरकार के कार्यकाल में  झीरम कांड हुआ था। कांकेर का झलियामारी कांड हुआ था। छोटी-छोटी बच्चियों के साथ दुराचार हुआ था। आज उन लोगों ने एक बलात्कारी को प्रत्याशी बनाकर रखा है। उसके बाद भी उन्हें लाज-शर्म नहीं आ रही है।

सीएम ने जनसभाओं में दिवंगत विधायक मनोज मंडावी का कई बार जिक्र किया। उन्होंने कहा, मनोज भाई को आपने तीन बार विधायक बनाया। वे विधानसभा के उपाध्यक्ष थे। पिछली बार आप लोगों ने उन्हें 26 हजार वोट से जिताया था। उनके न रहने की वजह से उप चुनाव हो रहा है। सावित्री मंडावी को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है ताकि मनोज मंडावी के अधूरे सपनों को पूरा किया जा सके। विश्वास दिलाता हूं कि वह चारामा हो, भानुप्रतापपुर हो या दुर्गुकोंदल हो, इनके विकास में कोई कमी नहीं आने दिया जाएगा।

Check Also

अतिक्रमण कार्रवाई से प्रभावित छोटे व्यवसाइयों को मिलेगी 10-10 हजार की आर्थिक सहायता

विधायक रिकेश सेन की पहल से मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से दिया जाएगा मुआवजा THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!