द सीजी न्यूज
आज से शुरू हो रही बिलासपुर – नागपुर वंदे भारत ट्रेन के किराये को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार की नीतियों पर तीखे प्रहार किये हैं। जिला कांग्रेस प्रवक्ता नासिर खोखर ने कहा है कि केंद्र सरकार ने वंदे भारत ट्रेन से आम जनता पर महंगाई का बोझ फिर लाद दिया है। जिन ट्रेनों की टिकट कम है, उन्हें केंसिल किया जा रहा है। नई ट्रेन में मामूली सुविधाएं ही बढ़ाई गई हैं जबकि किराया चार गुना महंगा कर दिया गया है। ट्रेन का सफर आम जनता की पहुंच से दूर होता जा रहा है।

नासिर ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन से बिलासपुर से नागपुर इकानॉमी क्लास ec में 1890 रुपए किराया है। कैटरिंग सर्विस लेने पर 2045 रुपए, वहीं चेयर कार cc में 955 रुपए और कैटरिंग चार्ज जोड़ के किराया 1075 रुपए है, जबकि अन्य सुपर फास्ट ट्रेनों में बिलासपुर से नागपुर स्लीपर का 265 और एसी 3 टायर का 650 रुपए है। वंदे भारत ट्रेन का दुर्ग से राजनांदगांव का केवल 30 किमी का किराया 690 रुपए है।
दूसरी फास्ट ट्रेनों की तुलना में इस ट्रेन से यात्रा करने का समय केवल 50 मिनट कम है। वंदे भारत से बिलासपुर से नागपुर का सफर करने में 5.30 घंटे का समय लगता है जबकि अन्य ट्रेनें 6.20 घंटे में पहुंचाती है। वंदे भारत का किराया 2045 रुपए विमान के किराए से कम नहीं है। बेहतर होता कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा छत्तीसगढ़ में रद्द की गई सभी ट्रेनों समेत जिन ट्रेनों के फेरे कम किए गए हैं उन सभी ट्रेनों को बहाल कर दिया जाता या पहले की तरह सुचारू कर दिया जाता।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा ट्रेनों को लगातार रद्द करने से छत्तीसगढ़ की जनता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ट्रेनों के रद्द होने से मजबूरी में यात्रियों को गंतव्य स्थान जाने के लिए निजी बसों में सफर करना पड़ रहा है। निजी बसों का किराया ज्यादा होने के कारण जनता पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है। मोदी सरकार ने कोरोना काल के दौरान भी रेल किराए में आम आदमी को राहत नहीं दी। आर्थिक बोझ बढ़ाया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता नासिर खोखर ने कहा कि लोकल ट्रेनों का किराया खत्म कर एक्सप्रेस का किराया लिया जा रहा है। एमएसटी, प्लेटफार्म टिकट से लेकर रेलवे की अन्य सुविधाओं की दर बढ़ा दी गई है। नासिर ने रेल मंत्री और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन से मांग करते हुए कहा हैं कि आम जनता का आर्थिक शोषण बंद करें और सभी रद्द की गई ट्रेनों को वापस बहाल किया जाए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
