द सीजी न्यूज

रायपुर/ आरक्षण संशोधन विधेयक पर राज्यपाल के हस्ताक्षर की मांग करते हुए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचा। मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राज्‍यपाल ने विस्‍तार से चर्चा के बाद विधेयक पर हस्‍ताक्षर की बात कही है। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से विधेयक पर हस्ताक्षर करने का अनुरोध किया।

आज इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने कांग्रेस की जन अधिकार रैली में लाखों की भीड़ के बीच इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर कड़े प्रहार किये। जन अधिकार रैली को संबोधित करते हुए मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा – आरक्षण बिल को विधानसभा में सर्वसम्‍मति से पास किया गया। भाजपा ने राजभवन को अखाड़ा बनाकर आपको मिलने वाले आरक्षण में बाधा डालने का काम किया है। कुछ मिनटों में हस्ताक्षर करने की बात कह चुकी राज्यपाल ने 1 महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी हस्ताक्षर नहीं किया है। अब तो महीना भी बदल गया और साल भी बदल गया। राज्यपाल जी हठधर्मिता छोड़ें। या तो दस्तख़त करें या फिर विधेयक विधानसभा में वापस लौटा दें।

सीएम ने कहा कि राज्यपाल जी राजभवन के अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर सरकार से सवाल पूछ रही हैं। आरक्षण विधेयक पर हस्ताक्षर न होने के कारण न कालेजों में एडमिशन हो पा रहे हैं, न नई भर्तियां निकल पा रही हैं। “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान” में अब एक मुद्दा भाजपा द्वारा आरक्षण रोकने का मुद्दा भी जोड़ा जाएगा। भाजपा नहीं चाहती कि आदिवासी, किसानों, महिलाओं, अनुसूचित, पिछड़ों के जीवन में परिवर्तन आए। मुख्‍यमत्री बघेल ने कहा कि – लड़ेंगे, जीतेंगे। आवाज़ दो… हम एक हैं। जन अधिकार रैली को कई कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया।

प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, पीडब्लूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू, डा शिव डहरिया, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया, पीएचई मंत्री रुद्र गुरु, आबकारी मंत्री कवासी लखमा, विधायक अरुण वोरा, धनेंद्र साहू, कुलदीप जुनेजा सहित अन्य विधायक शामिल थे।