Breaking News

नवा रायपुर में होगी कबीर शोध संस्थान की स्थापना : कबीर की प्रासंगिकता हर युग में : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि संत कबीर की प्रासंगिकता हर युग में है। समाज में कबीर साहेब का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने समाज में व्याप्त बुराईयों का पूरी दृढ़ता के साथ प्रतिकार किया और बताया कि प्रेम, सौहार्द्र, आपसी भाईचारे और मनुष्यता से बड़ी कोई दूसरी चीज नहीं है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस आशय के विचार आज बालोद जिले के विकासखण्ड डौण्डीलोहारा के ग्राम भालूकोन्हा में आयोजित सतगुरु कबीर स्मृति महोत्सव में व्यक्त किए।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में नवा रायपुर में कबीर शोध संस्थान की स्थापना के साथ ही ग्राम भालुकोन्हा स्थित कबीर आश्रम परिसर में सत्संग भवन, ध्यान केन्द्र और साैंदर्यीकरण के लिए 30 लाख रुपये, अहाता निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और सी.सी.रोड निर्माण व सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20-20 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।

सद्गुरू कबीर स्मृति महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि समाज में व्याप्त बुराईयों और अंधविश्वासों, जाति, धर्म व सम्प्रदाय की विषंगतियों का प्रतिकार करने का साहस केवल कबीर में ही था। उन्होंने कहा कि यदि हम सद्गुरू के बताए रास्ते पर चलते हैं तो निश्चित रूप से हमारा जीवन सफल हो जाएगा। संत कबीर के विचारों का ही प्रताप है कि आज हर जाति और धर्म के लोग कबीरपंथी हैं। हमारी सरकार कबीर साहेब से प्रेरणा लेकर राज्य की जनता की भलाई के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कोरोना काल की विषम परिस्थितियों में लोगों के समुचित इलाज की व्यवस्था के अलावा जरूरतमंदों के लिए दो जून की रोटी की व्यवस्था जैसे अनेक जनहितैषी कार्य किये गए। राज्य में गौमाता की सेवा सुनिश्चित करने और इसके माध्यम से आम जनता की आर्थिक स्थिति में सुधार करने गौठान का निर्माण किया। हम 2 रुपए किलो में गोबर खरीदी, 4 रूपए लीटर में गोमूत्र खरीदी जैसे उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, किसान न्याय योजना, लघु वनोपजों की खरीदी आदि योजनाओं के माध्यम से राज्य में आम नागरिकों, किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध करने का कार्य कर रहे हैं।
समारोह को संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद, संत श्री निष्ठा साहेब सहित अन्य संतों ने संबोधित किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम स्थल पर चंदन के पौध का रोपण भी किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, विधायक संजारी-बालोद संगीता सिन्हा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष राजेंद्र साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा, आचार्य मंगल साहेब, संत श्री गुरूभूषन साहेब सहित अन्य संत व अतिथिगण उपस्थित थे।

Check Also

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा 30 अक्टूबर को दुर्ग में पदयात्रा में होंगे शामिल

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न THE …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!