द सीजी न्यूज
कबीरधाम जिले के छोटे से गांव तालपुर से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने आई आठ साल की कक्षा दूसरी की छात्रा कुमारी स्नेहा पटेल ने 2 घंटा 20 मिनट तक फुगड़ी खेलकर सभी को अचंभित कर दिया। स्नेहा के नन्हें कदम फुगड़ी खेलते हुए 2 घंटे के बाद भी नहीं रूके। लोग उत्सुकता से उसकी खेल प्रतिभा को टकटकी लगाकर देखते रहे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में फुगड़ी खेलकर स्नेहा सबकी फेवरेट बन गई। सभी ने उसकी जमकर सराहना की।

प्रतियोगिता में 18 से कम आयु की महिला वर्ग में स्नेहा ने अपने से बड़े उम्र के प्रतिभागियों को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। शांत और संकोची स्नेहा के कदमों में गजब की स्फूर्ति और चपलता दिखाई दी। स्नेहा के पिता भीखम पटेल ने बताया कि स्नेहा ने खुद-बखुद बच्चों के बीच फुगड़ी खेलना सीखा है। उसने जिला स्तर के बाद राज्य स्तर पर जीत हासिल की है। इस जीत से उन्हें बेहद खुशी है। पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिता के आयोजन के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद भी दिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
