द सीजी न्यूज
सहकारिता विभाग के विशेष सचिव हिम शिखर गुप्ता और पंजीयक सहकारी संस्थाएं नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने नवा रायपुर स्थित अपेक्स बैंक मुख्यालय में सहकारिता विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। विशेष सचिव हिम शिखर गुप्ता ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को धान खरीदी के 48 घंटे के भीतर किसानों के धान की राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सहकारी बैंकों की शाखाओं में 31 मार्च तक 115 एटीएम लगाने का लक्ष्य है। नाबार्ड सहायता अंतर्गत आरआईडीएफ योजना से 725 गोदाम निर्माण की मंजूरी दी गई है। सभी गोदामों का निर्माण बारिश के पहले पूर्व समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में धान खरीदी की समीक्षा में पाया कि छत्तीसगढ़ में 2616 धान उपार्जन केन्द्र के माध्यम से अब तक 89 लाख मेट्रिक टन धान खरीदी हो चुकी है। अब तक 17,772 करोड़ रुपए का भुगतान किसानों के बैंक खाते में किया जा चुका है। ऋण के विरूद्व वसूली की समीक्षा में बताया गया कि 5663 करोड़ रुपए की मांग के विरूद्व 4580 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है। जो ऋण का 80 प्रतिशत है। छत्तीसगढ़ में सहकारी बैंकों की कुल 326 शाखाएं है, जिसमें 110 एटीएम कार्यरत हैं। बैठक में 31 मार्च 2023 तक 115 एटीएम लगाने का लक्ष्य दिया गया। इससे किसानों को राशि निकालने में सहूलियत होगी।
छत्तीसगढ़ में 2058 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां है। इन समितियों में 1365 माइक्रो एटीएम प्रदान किया जा चुका है। नाबार्ड सहायता अंतर्गत आरआईडीएफ योजना से स्वीकृत 725 गोदामों में से 624 गोदाम निर्माण का वर्कअ़ॉर्डर जारी किया जा चुका है और निर्माण कार्य प्रगति पर है।
बस्तर और सरगुजा संभाग में बैंकिंग विस्तार की समीक्षा के दौरान बस्तर संभाग में बैंकिंग विस्तार और एटीएम स्थापना की प्रगति पर असंतोष जताते हुए जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक जगदलपुर के सीईओ एस. के. जोशी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने का निर्देश दिया गया। गोदाम निर्माण की जिलेवार समीक्षा में राजनांदगांव जिले में स्वीकृत गोदाम का टेंडर न निकाले जाने पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक राजनांदगांव के सीईओ सुधीर सोनी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने का निर्देश दिया गया। उप पंजीयक जिला दुर्ग अवधेश मिश्रा को आडिट, अंकेक्षण वसूली और समितियोें के परिसमापन की प्रगति संतोषप्रद न पाए जाने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने का निर्देश दिया गया।
उप पंजीयक राजनांदगांव द्वारा राजनांदगांव जिले के मेढ़ा समिति में लगभग 2 से 2.50 करोड़ रुपए और मुढ़ीपार समिति में 50 लाख रुपये का ऋण असंतुलन होने की जानकारी दी गई। जिला सहकारी बैंक राजनांदगांव के सीईओ सुधीर सोनी को दोषी कर्मचारियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने और फोरेंसिक आडिट कराने के निर्देश दिये गए। संयुक्त पंजीयक संभाग दुर्ग को इन समितियों का स्पेशल आडिट करने के निर्देश भी दिए गए।
इसी तरह पैक्स कम्प्यूटराईजेशन, नवीन एटीएम स्थापना, माइक्रो एटीएम की उपलब्धता व संचालन और सहकारी शक्कर कारखाना का संचालन व गन्ना क्रय राशि भुगतान की समीक्षा में बिलासपुर जिले में विभागीय योजनाओं और गतिविधियों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप न पाए जाने के कारण उप पंजीयक बिलासपुर को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया गया। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना में निर्माणाधीन ईथेनाल प्लाट स्थापना की समीक्षा की गई।
बैठक में अपर पंजीयक हितेश दोशी, अपर पंजीयक एच.के.नागदेव, उप सचिव सहकारिता पी.एस.सर्पराज, संयुक्त पंजीयक उमेश तिवारी, अपेक्स बैंक प्रबंध संचालक के. एन. कान्डे सहित सभी संभागों के संयुक्त पंजीयक और जिलों के उप पंजीयक, सहकारी शक्कर कारखानों के प्रबंध संचालक और अपेक्स बैंक के अधिकारी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
