द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात अभियान के तहत आज बलौदाबाजार विधानसभा के अंतर्गत ग्राम पुरैना-खपरी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने भेंट मुलाकात कार्यक्रम से पहले मजदूर झंगलू देवांगन के घर पहुंचे। घर के मुख्य द्वार पर मुख्यमंत्री को देखकर झंगलू देवांगन का पूरा परिवार खुशी से निहाल हो गया। सभी परिवारजनों ने खुशी-खुशी सीएम का तिलक-आरती किया और पुष्प-गुच्छ व शाल भेंटकर आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने देवांगन परिवार के सदस्यों द्वारा सादगी से परोसे गए छत्तीसगढ़ी भोजन का स्वाद लिया। देवांगन परिवार ने पूरी आत्मीयता के साथ मुख्यमंत्री को भोजन में चावल, दाल, रोटी के साथ कुसुम भाजी, लाल भाजी और सेमी की मिक्स सब्जी, मुनगा, आलू-बड़ी की सब्जी, भांटा, गोभी मटर की सब्जी, जिमी कांदा, पापड़, सलाद और विशेष रूप से चिरपोटी पताल की चटनी भी परोसा। गृह स्वामी झंगलू देवांगन और उनकी पत्नी बेसाखीन बाई मुख्यमंत्री के के घर आकर भोजन करने पर गदगद थे। मुख्यमंत्री ने स्वादिष्ट छत्तीसगढ़ी भोजन के लिए देवांगन परिवार को उपहार भेंटकर धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री को झंगलू देवांगन ने बताया कि उनके पास केवल 75 डिसमिल कृषि भूमि है। मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे परिवार में 12 सदस्य हैं। उनकी बेटी फुलकुंवर देवांगन मजदूरी कर मां-बाप का भरण पोषण करती है। उनका बड़ा बेटा भागीरथी देवांगन दूसरे गांव में किसानी कर परिवार के भरण पोषण में सहायता करता है। छोटा बेटा रमेश देवांगन राज मिस्त्री का काम करते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ संसदीय सचिव द्वय शकुंतला साहू और चंद्र देव प्रसाद राय, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितीन त्रिवेदी भी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


