Breaking News

सीएम ने बताया – कैसे बन सकते हैं सीएम : भेंट मुलाकात के दौरान छात्र के सवाल पर इस तरह दिया जवाब

द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज रायपुर जिले के बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र में तिल्दा-नेवरा विकासखण्ड के ग्राम सरोरा में आम जनता से भेंट मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री से कई रोचक सवाल किये गए। स्वामी आत्मानंद अंग्रजी माध्यम स्कूल तिल्दा-नेवरा के छात्र मनीष धुरंधर ने मुख्यमंत्री से पूछा कि किसी राजनीतिक परिवार से संबंध न रखने पर भी वह अपने मुख्यमंत्री बनने का सपना कैसे पूरा कर सकते हैं। सीएम ने कहा कि – सपने देखने चाहिए, यह अच्छी बात है। राजनीति में आने के लिए सबसे पहले किसी विचारधारा से जुड़ना पड़ता है। विचारधारा से पहचान बनती है। उन्होंने कहा कि लोगों से जुड़ें, सेवा की भावना बनाए रखें, तभी सपना पूरा होगा। सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रश्न पूछने की अच्छी परंपरा है। जब सवाल पूछने का अधिकार मिलता है, सवाल-जवाब होता है तब समाज और देश आगे बढ़ता है।

मुख्यमंत्री ने छात्रों को दिया आत्मविश्वास का मंत्र 
भेंट-मुलाकात के दौरान स्वामी आत्मानंद स्कूल की छात्रा श्रिया देवांगन ने मुख्यमंत्री से उनके छात्र जीवन के दौरान प्रेरणात्मक घटना के बारे में पूछा। मुख्यमत्री ने अपने छात्र जीवन का किस्सा साझा करते हुए बताया कि उनके गांव से मिडिल स्कूल 5 किलोमीटर दूर था, वहां तक वे पैदल जाते थे। हाई स्कूल में उन्होंने गणित विषय लिया था लेकिन स्कूल में गणित के शिक्षक नहीं थे। इसके लिए उन्होंने आंदोलन किया। फिर खुद मेहनत कर पढ़ाई की और पास हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ करना है तो खुद मेहनत करो। मुख्यमंत्री ने छात्रों को सफल होने के लिए आत्मविश्वास बनाए रखने का मंत्र दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मविश्वास से ही व्यक्ति आगे बढ़ता है। स्वामी विवेकानंद ने भी कहा था कि आधुनिक युग में नास्तिक वह है, जिसे खुद पर विश्वास नहीं। आत्मानंद स्कूल की छात्रा नेहा वर्मा की मांग पर मुख्यमंत्री ने मेरिट में आने वाले छात्रों को हेलीकाप्टर की सवारी कराने की बात कही। मुख्यमंत्री के छत्तीसगढ़ी में प्रश्न के जवाब में राज वर्मा ने धाराप्रवाह अंग्रेजी बोलकर बताया कि अंग्रेजी स्कूल के खुलने से ग्रामीण छात्रों को अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। कक्षा 3 की छात्रा काव्या ने अंग्रेजी में बात करते हुए मुख्यमंत्री से सरोरा में स्वामी आत्मानन्द अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने की मांग रखी।

आईटीआई केंद्र में नए ट्रेड खोले जाएंगे
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य आमजनों की आय में वृद्धि करना है। गोपालकों को गोधन न्याय योजना से, गौठानों में संचालित योजनओं से महिलाओं की आय बढ़ी है। किसान, मजदूर और महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाया जा रहा है। राज्य में आई टी आई के उन्नयन हेतु 1200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, ताकि वहां ट्रेडों की संख्या बढ़े और युवाओं को सुगमता से रोजगार उपलब्ध हो सके। आगे भी स्कूलों की मरम्मत,रंग रोगन और नए भवन का निर्माण किया जाएगा। आईटीआई केंद्र में नए ट्रेड खोले जाएंगे।
सरोरा में घोषणाएं-
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम सरोरा में कई विकास कार्यों की घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरोरा स्वास्थ्य केंद्र में संचालित 01 बिस्तर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में अतिरिक्त बिस्तरों की स्वीकृति दी जाएगी। तिल्दा हॉस्पिटल के मातृ एवं शिशु कल्याण वार्ड के लिये 50 बिस्तर के नये भवन का निर्माण कराया जाएगा। सरोरा से परसदा तक और सरोरा से बिनैका तक पक्की सड़क बनाई जायेगी। एनएच मार्ग सांकरा से तिल्दा तक 12 किमी सड़क का जीर्णोद्धार और चौड़ीकरण कराया जाएगा। जोता से भुरसुदा रोन रनबोर मेला स्थल रोड का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने सदमावा-कोटा मार्ग निर्माण की घोषणा की। सासाहोली हाई स्कूल का उन्नयन कर हायर सेकेंडरी बनाने और ताराशिव में हायर सेकेण्डरी स्कूल की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिल्दा बस्ती वार्ड नंबर 19 के बड़े तालाब का सौंदर्यीकरण, गहरीकरण और  पचरी निर्माण का कार्य कराया जाएगा। कोहका कॉलेज तिल्दा नेवरा में एमएससी साइंस ग्रुप और कला संकाय में भूगोल की कक्षा प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने निनवा साहू समाज के लिए 5 लाख रुपए, तरपोंगी रंगमंच हाई स्कूल के लिए 10 लाख रुपए और खम्हरिया में मिडिल स्कूल की घोषणा भी की।

Check Also

रिमझिम सावन मेला 21-22 अगस्त को : महिलाओं के लिए होंगे मनोरंजक गेम्स

स्व-सहायता समूहों एवं महिलाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए लगेंगे 30 स्टॉल THE CG …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!