द सीजी न्यूज
दुर्ग / कलेक्टर जनदर्शन में आज पोटिया के एक नागरिक ने शिकायत करते हुए कहा कि पड़ोसी द्वारा पाले गए कुत्तों की वजह से माहौल बहुत अशांत हो जाता है। पिछली बार जनदर्शन में आवेदन दिया था, इसके बाद निगम दुर्ग के अमले ने पड़ोसी को नोटिस जारी की थी और समझाइश भी दी, लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस है। इसी तरह पोटिया चौक के एक नागरिक ने कहा कि कचरा मैदान में कभी-कभी कचरा जला दिया जाता है, जिसके धुंए से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो रही है। जरवाय के ग्रामीणों ने भी प्रदूषण की रोकथाम संबंधी आवेदन दिया। कलेक्टर ने पर्यावरण विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिये। जनदर्शन में राजस्व संबंधी सबसे अधिक प्रकरण आए। कलेक्टर ने अधिकारियों कोअविलंब कार्रवाई के निर्देश दिये।

जनदर्शन में भिलाई इंजीनियरिंग कार्पोरेशन के कुछ कर्मचारी आये। उन्होंने कहा कि सेवा फंड में वे हर महीने 50 रुपए की राशि का अंशदान करते हैं। इसके माध्यम से वे भविष्य के लिए राशि जुटा रहे हैं। इसकी वर्तमान स्थिति के बारे में पूछने पर प्रबंधन के अधिकारियों द्वारा टालमटोल किया जाता है।
झुनिया बाई ने कहा कि वे जब पीडीएस शाप गईं तो सर्वर डाउन था, इसके कारण राशन नहीं मिल पाया। बुजुर्ग लोगों को बार-बार पीडीएस शाप जाने में दिक्कत होती है। दीपक नगर की एक महिला ने निराश्रित पेंशन नहीं मिलने की बात कही। कलेक्टर ने निगम अधिकारियों को मामले का परीक्षण कर अविलंब पेंशन दिलाने के निर्देश दिये।
जनदर्शन में एक महिला ने बताया कि उनके पति ने घर के लिए बैंक से कर्ज लिया था जिसे वे पटा नहीं पाये। अब घर में बेटा काबिज है। कुर्की की कार्रवाई तभी हो पाएगी जब बेटा मकान खाली करेगा। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह महिला ने किया। महिला ने बताया कि वो कर्ज का बोझ लेकर नहीं जीना चाहती। कर्ज से मुक्त होना चाहती है अतएव बैंक को कुर्की की कार्रवाई में आसानी हो, इसलिए प्रशासन मकान खाली करने की कार्रवाई करे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
