द सीजी न्यूज

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज भारी बर्फबारी के बीच समापन हो गया। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में जनसभा के दौरान कई दलों के नेताओं ने लोगों को संबोधित किया। इससे पहले राहुल गांधी ने मौलाना आजाद रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में बर्फबारी के बीच तिरंगा फहराया।

कड़ी सुरक्षा और भारी बर्फबारी के बीच शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में कांग्रेस की रैली हुई, जिसमें कांग्रेस नेताओं के साथ कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों के नेताओं ने मंच साझा किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा डीएमके, जेएमएम, बीएसपी, नेकां, पीडीपी, सीपीआई, आरएसपी, वीसीके और आईयूएमएल के नेताओं ने भाग लिया।
बर्फबारी का आनंद : यात्रा के समापन के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी एक दूसरे पर बर्फ डालते हुए
श्रीनगर में भारी बर्फबारी के बीच समापन कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कई साल से 8-10 किलोमीटर तक दौड़ता हूं। ऐसा लगता था ये यात्रा आसान होगी। लेकिन यात्रा के दौरान पुरानी चोट उभरी, जो यात्रा आसान लग रही थी, वो मुश्किल हो गई। राहुल गांधी ने कहा कि इस दौरान मैंने बहुत कुछ सीखा। एक दिन मुझे बहुत दर्द हो रहा था। मैंने सोचा कि मुझे 6-7 घंटे और चलना होगा और यह मुश्किल होगा। उसी दौरान एक युवती दौड़ती हुई मेरे पास आई और बोली कि उसने मेरे लिए कुछ लिखा है। उसने मुझे गले लगाया और भाग गई।उसने लिखा, “मैं देख सकती हूं कि आपके घुटने में दर्द हो रहा है, क्योंकि जब आप उस पैर पर दबाव डालते हैं, तो यह आपके चेहरे पर दिखता है। मैं आपके साथ नहीं चल सकती लेकिन मैं दिल से आपके साथ चल रही हूं, क्योंकि मुझे पता है कि आप चल रहे हैं, मेरे और मेरे भविष्य के लिए। राहुल ने कहा कि उसी क्षण, मेरा दर्द गायब हो गया।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आगे कहा कि जब मैं कन्याकुमारी से आगे बढ़ रहा था तब मुझे ठंड लग रही थी, तब मैंने कुछ बच्चे देखे, वे गरीब थे, उन्हें ठंड लग रही थी, वे मजदूरी कर रहे थे और कांप रहे थे, मैंने सोचा ठंड में ये बच्चे स्वेटर-जैकेट नहीं पहन पा रहे हैं तो मुझे भी नहीं पहनना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी, अमित शाह, RSS के लोगों ने हिंसा नहीं देखी है, वे डरते हैं। भाजपा का कोई नेता यहां पैदल ऐसे नहीं चल सकता, इसलिए नहीं कि जम्मू कश्मीर के लोग उन्हें चलने नहीं देंगे, बल्कि इसलिए क्योंकि वो डरते हैं।
कन्याकुमारी से कश्मीर तक चल चली यात्रा के समापन पर भाकपा नेता डी राजा ने देश के सभी धर्मनिरपेक्ष दलों से एकजुट होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, हम सभी ने देश की आजादी के लिए एक साथ लड़ाई लड़ी और देश को ब्रिटिश राज से मुक्त कराया। देश को भाजपा राज से मुक्त कराने सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को एक साथ आना चाहिए।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस (एनसी) के नेता उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से देश के पश्चिम से पूर्व की ओर एक और यात्रा करने कहा। उन्होंने यात्रा के लिए कार्यकर्ताओं, पिता (फारूक अब्दुल्ला) और अपनी पार्टी की ओर से राहुल गांधी को बधाई देते हुए कहा कि यह यात्रा सफल रही है। अब्दुल्ला ने कहा कि राहुल जब पूर्व से पश्चिम की तरफ यात्रा करेंगे तो उनके साथ चलेंगे। देश को इस तरह की यात्रा की आवश्यकता थी। यह साबित हो गया है कि बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो बीजेपी को छोड़कर एक नई सरकार चाहते हैं। सद्भाव और एक-दूसरे के साथ शांति और प्यार से रहना चाहते हैं। ऐसा माहौल बीजेपी नहीं दे सकती।
जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जम्मू-कश्मीर राहुल गांधी का अपना घर है। उम्मीद है कि गोडसे की विचारधारा ने जम्मू-कश्मीर से जो छीन लिया, वह वापस मिल जाएगा। राहुल जम्मू-कश्मीर में आशा की किरण देख रहे हैं, लेकिन देश को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी ही कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक जोड़ सकते हैं। वे रोजगार समेत अन्य चीजों के लिए लगातार लड़ रहे हैं। खरगे ने आरोप लगाया कि आरएसएस और बीजेपी के लोग देश में गरीब को गरीब और अमीर को अमीर बना रहे हैं। हम कश्मीर की समस्या के लिए लड़ेंगे। उसको पूर्ण प्रदेश का दर्जा दिलाएंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

