- कोरोना संकटकाल में कहां गायब रहे दोनों भाजपा सांसदों समेत भाजपा के तमाम नेता
- दोनों सांसदों ने शहर के विकास के लिए सांसद निधि से कितनी राशि दी
द सीजी न्यूज
महापौर धीरज बाकलीवाल ने भाजपा द्वारा विधायक निवास घेराव प्रदर्शन को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। महापौर ने कहा कि विधायक निवास का घेराव करने से पहले भाजपा नेताओं को शहर की जनता को बताना चाहिए कि लोकसभा सांसद और राज्यसभा सांसद ने दुर्ग शहर के विकास के लिए सांसद निधि से कितनी राशि दी ? कितने बार उन्होंने दुर्ग के विकास में किसी भी तरह का योगदान दिया। भाजपा के दोनों सांसदों और नेताओं ने दुर्ग की जनता के लिए पिछले चार साल में क्या किया।
धीरज बाकलीवाल ने कहा कि दो दशक तक भाजपा के चार महापौरों के कार्यकाल में बनाई गई पुष्पवाटिका में कभी फूल नहीं खिले। तारामंडल में चांद-तारे का नजारा नहीं दिखा। चौपाटी चौपट हो गई। फुटपाथ, गौरवपथ सहित अन्य योजनाओं ने भी चंद हफ्तों में ही दम तोड़ दिया। चार महापौरों के कार्यकाल में एक भी काम ऐसा नहीं किया गया, जिसे मील का पत्थर कहा जा सके।
महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विकास मॉडल के सामने भाजपा के पास कोई मुद्दा ही नहीं बचा है। इसीलिये अनर्गल आरोप लगाकर घेराव प्रदर्शन कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्ग में चार साल में जितना विकास हुआ है, उसे जनता देख रही है। विधायक अरुण वोरा के मार्गदर्शन में दुर्ग शहर का चौमुखी विकास हो रहा है। सड़क, नाली, पानी, बिजली जैसी सुविधाओं में जबर्दस्त इजाफा करने के साथ ही ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट, 64 करोड़ की लागत से जीई मार्ग के सौंदर्यीकरण, लोककला मार्ग सौंदर्यीकरण, गौरवपथ उन्नयन जैसी योजनाओं से दुर्ग शहर विकास की रौशनी से जगमगाने लगा है। भूपेश बघेल के नेतृत्व और विधायक अरुण वोरा के मार्गदर्शन में दुर्ग शहर की चमक और निखरेगी। विकास के यज्ञ में भाजपा नेता भी शामिल हों, उनका स्वागत है। घेराव की राजनीति को शहर की जनता समझ चुकी है, इससे भाजपा को कोई फायदा नहीं होगा।
महापौर ने कहा कि दुर्ग शहर को 20 साल तक विकास की रोशनी से दूर रखने वाले घेराव प्रदर्शन कर जनता के हितैषी बनने का नाटक न करें। घेराव करने से पहले भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि 20 साल तक दुर्ग नगर निगम की सत्ता में रहते हुए कितने लोगों को पक्के आवास दिये और कितने पट्टे बांटे? भाजपा नेता ये भी बताएं कि दो दशक के कार्यकाल में भाजपा की शहर सरकार ने दुर्ग का योजनाबद्ध विकास क्यों नहीं कराया ?
महापौर ने सवाल किया कि चुनाव सामने देख जनता से जुड़े मुद्दे उठाने वाले भाजपा नेता कोरोना संकटकाल में कहां गायब हो गए थे। भाजपा नेताओं को ये भी बताना चाहिए कि भाजपा के राज्यसभा सांसद और लोकसभा सांसद ने कोरोना काल में कितने लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। कितने लोगों को भोजन की व्यवस्था की। दूसरे राज्यों से घर वापस लौटने वाले कितने लोगों को वाहन सुविधा, भोजन-पानी दिया। कोरोना के भयावह दौर में संकट से जूझते लोगों को राहत देने में केवल कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी ही मोर्चे पर डटे रहे। भाजपा नेता उस संकटकाल में पूरी तरह नदारद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
