
द सीजी न्यूज
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के गौरव समागम 2023 में मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों को बड़ी सौगात दी है। सीएम ने राज्य के सभी नगरीय निकायों को विकास हेतु लगभग 1 हजार करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। नगर निगम रायपुर को 100 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। इसके अलावा बिलासपुर नगर निगम को 50 करोड़, दुर्ग नगर निगम को 25 करोड़ मिलेंगे। भिलाई चरौदा, अम्बिकापुर, जगदलपुर को 20-20 करोड़, रिसाली, राजनादगांव, रायगढ़ और कोरबा को 15-15 करोड़, बिरगांव, धमतरी व चिरमिरी को 10-10 करोड़, सभी नगर पालिकाओं को 5-5 करोड़ और सभी नगर पंचायतों को 3-3 करोड़ रुपए दिये जाएंगे।
एक और बड़ी घोषणा चुंगी कर क्षतिपूर्ति को लेकर की गई है। सीएम ने यह राशि 26 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये करने की घोषणा की है। इसके अलावा रायपुर, भिलाई और बिलासपुर में शहरी महिला आजीविका केंद्र शुरू करने, युवाओं के रोजगार हेतु रायपुर और भिलाई में सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर सुविधा सहित बीपीओ खोलने का ऐलान किया है।
भिलाई में विश्वस्तरीय सेंट्रल लाइब्रेरी कम रीडिंग ज़ोन बनाया जाएगा। रीपा की तर्ज पर सभी नगर निगम और नगर पालिकाओं में अर्बन कार्टेज और सर्विस इंडस्ट्रीज पार्क खुलेंगे। शहरों के मार्केट एरिया में सीसीटीवी, आधुनिक शौचालय और विकास व्यवस्था की घोषणा के साथ ही नगर निगमो में बनेंगे स्मार्ट हेल्थ कियोस्क- कियोस्क में बीपी, शुगर, ब्लड टेस्ट की निशुल्क सुविधा मिलेगी।
सीएम ने रायपुर शहर के जल भराव वाले क्षेत्रों में ड्रेनेज सिस्टम, भूमि विकास नियम को सरलीकरण करने की घोषणा, अम्बिकापुर में महात्मा गांधी स्टेडियम का उन्नयन, सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण की घोषणा भी की है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal