- पिता चने का ठेला लगाकर करते हैं परिवार का भरण पोषण
- मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दी शुभकामनाएं
- सूरजपुर कलेक्टर इफ्फत आरा ने सौंपा निगिता को पांच लाख रूपए का चेक
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सूरजपुर जिले की किक बॉक्सर निगिता यादव को दुबई में आयोजित किक बॉक्सिंग अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होने के लिए स्वेच्छानुदान मद से 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने निगिता को उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर देश-प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दी। निगिता यादव ने मुख्यमंत्री को आर्थिक सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा स्वेच्छानुदान के तहत दी गई 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक शुक्रवार को कलेक्टर इफ्फत आरा ने निगिता यादव को प्रदान किया। सूरजपुर निवासी 19 वर्षीय निगिता यादव, पिता लक्ष्मण यादव ने तमिलनाडु में आयोजित राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता (वर्ग-48 किग्रा) वर्ष 2022 में रजत पदक हासिल किया था। इसके बाद उनका चयन दुबई में आयोेजित होने वाली किक बॉक्सिंग की अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इसके पूर्व भी उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
निगिता यादव ने बताया कि उनके पिताजी चना, फली का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इस कारण वह अपनी प्रैक्टिस नहीं कर पा रही हैं। अपनी आर्थिक स्थिति के कारण वह देश के बाहर दुबई जाकर खेलने में असमर्थ थी। मुख्यमंत्री द्वारा दिए आर्थिक सहयोग से अब वह प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
