द सीजी न्यूज
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के खिलाफ कांग्रेस ने रविवार को देशभर में संकल्प सत्याग्रह किया। प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन जैसे बड़े नेता सुबह राजघाट पहुंचे। पुलिस ने यहां धारा 144 लगा दी, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता वहां पहुंचे। इस मौके पर प्रियंका गांधी ने कहा कि आज तक हम चुप रहे हैं तो वे हमारे परिवार का अपमान करते गए। मैं पूछना चाहती हूं कि एक आदमी का कितना अपमान करोगे।
प्रियंका गांधी ने कहा – मुझ पर केस लगा दो, जेल भेज दो, लेकिन सच्चाई ये है कि इस देश का प्रधानमंत्री कायर है।
सत्याग्रह के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा – मेरे पिता का संसद में अपमान किया गया। ये लोग शहीद के बेटे को देशद्रोही कहते हैं, मीर जाफर कहते हैं। एक मुख्यमंत्री तो यहां तक कहते हैं कि राहुल को पता ही नहीं उनका पिता कौन है। आपके प्रधानमंत्री भरी संसद में कहते हैं कि हमारा परिवार नेहरू नाम क्यों इस्तेमाल नहीं करता है। आपको कोई सजा नहीं मिलती, न संसद से बाहर निकालता है।
प्रियंका ने कहा – आज तक हम चुप रहे हैं, आप हमारे परिवार का अपमान करते गए। मैं पूछना चाहती हूं कि एक आदमी का कितना अपमान करोगे। मेरा भाई पीएम के पास गया, उन्हें गले लगाया और कहा कि मुझे आपसे नफरत नहीं है। हमारी विचारधारा अलग है, लेकिन हमारे पास नफरत की विचारधारा नहीं है। क्या भगवान राम और पांडव परिवारवादी थे। हमारा परिवार देश के लिए शहीद हुआ तो क्या हमें शर्म आनी चाहिए।
आप हमें अपमानित करके ये सोचते हैं कि हम डर जाएंगे। हम और मजबूती से लड़ेंगे। हम आज भी देश की आजादी के लिए लड़ रहे हैं। देश की जनता को दिख नहीं रहा है कि उनकी सारी संपत्ति लूटी जा रही है। जो तानाशाह होते हैं वे सवाल उठाने वाले को दबाने की कोशिश करते हैं। इस अडाणी में है क्या कि उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं। ये हमें सोचना पड़ेगा।
राहुल गांधी ने दुनिया के दो सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों, हार्वर्ड और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में अपनी शिक्षा पूरी की और वे उन्हें ‘पप्पू’ कहने लगे, लेकिन बाद में पता चला कि वह तो ‘पप्पू’ है ही नहीं, वह तो ईमानदार है और आम जनता के मुद्दों को समझता है।
एक आदमी कन्याकुमारी से कश्मीर तक क्यों चला। उसमें समता और एकता की भावना थी। आज मीडिया, मंत्री, सांसद कह रहे हैं राहुल गांधी ने विदेश जाकर देश का अपमान किया। जो आदमी जनता की आवाज उठा रहा है, वो देश का अपमान कर सकता है ? वो गरीबों का बेरोजगारों का हक मांग रहा है। उनके हक की लड़ाई लड़ रहा है।
सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- राहुल गांधी ने जब इस मुद्दे को उठाया तो उन्हें दबाने के लिए ये (BJP) मानहानि के केस का तमाशा कर रहे हैं। ये एक साजिश है जिसके खिलाफ राहुल गांधी लड़ रहे हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। यह सत्याग्रह सिर्फ आज के लिए है, लेकिन ऐसे सत्याग्रह पूरे देश में किए जाएंगे। राहुल गांधी आम जनता के लिए लड़ रहे हैं। बयान राहुल गांधी ने कर्नाटक में दिया था, लेकिन मामला गुजरात स्थानांतरित कर दिया गया। भाजपा के पास कर्नाटक में मानहानि का मुकदमा दायर करने की शक्ति नहीं थी।
सलमान खुर्शीद ने कहा- उन्हें (राहुल गांधी को) एक कानून के तहत जिम्मेदार ठहराया गया है। हमारा मानना है कि इसे उलटने के लिए अपील ही सही रास्ता है। एक वकील के तौर पर मैं साफ तौर पर दिखा सकता हूं कि फैसले में कई खामियां हैं।
शशि थरूर ने कहा- यह (सत्याग्रह) सिर्फ कांग्रेस या राहुल गांधी के लिए नहीं है, यह भारतीय लोकतंत्र के लिए है। हमारा लोकतंत्र जिसे हमारे PM भारत को दुनिया में लोकतंत्र की मां कहते हैं, वहां संसद में प्रमुख विपक्षी नेता को अपनी आवाज उठाने नहीं दी जाती। क्या यह हमारे देश के लिए अच्छा है? यह उस सिस्टम के लिए है जिसमें लोगों को बोलने की, अपने विचार रखने की, सरकार को सवालों से चुनौती देने और जवाबदेह ठहराने की आजादी हो। यह विपक्ष का विजन था जिसके लिए पीएम मोदी ने खुद आह्वान किया था।
राजस्थान CM अशोक गहलोत ने कहा- मैंने पहली बार देखा है कि कोई मुद्दा आया हो, आरोप लगे, लेकिन नेता उस पर जवाब देने को तैयार नहीं हैं। आजादी के बाद पहली बार देखा कि कोई प्रधानमंत्री जवाब नहीं दे रहा है। जवाब तो दूर प्रधानमंत्री तो अडाणी का नाम लेने को भी तैयार नहीं हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
