द सीजी न्यूज
दुर्ग में भेंट-मुलाकात के दौरान आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आज ढेर सारी दुआएं मिली। लोगों ने राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति आभार जताया। दुआओं और आभार के साथ ही लोगों ने अलग-अलग समस्याओं का भी जिक्र किया। मदद की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।
दुर्ग शहर के गंज मंडी प्रांगण में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मेडिकल मोबाइल यूनिट को लेकर सवाल किये। विष्णु निषाद ने बताया कि माँ शुगर की पेशेंट हैं। मोबाइल मेडिकल यूनिट से उनका इलाज नि:शुल्क हो रहा है। हर महीने निःशुल्क दवाई मिल रही है। पहले उनके इलाज में हमें हर माह बहुत पैसा खर्च करना पड़ता था।

मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए राजीव युवा मितान क्लब के सदस्य पुखराज यादव ने कहा कि क्लब के सहयोग से अच्छे कार्य के साथ जुड़ने का अवसर मिल रहा है। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि धन्वन्तरि योजना से 100 करोड़ तक का लाभ पूरे प्रदेशवासियों को मिला है। मुख्यमंत्री ने सभी से इसका लाभ लेने को कहा। इसी दौरान ममता साहू ने मुख्यमंत्री से बात करते हुए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में कबड्डी खेल के अनुभव को साझा किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में प्रदेश के लाखों लोगों ने हिस्सा लिया, इससे हमारे छत्तीसगढ़ के खेल और संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है।
जयश्री ने बताया कि भाई बारहवीं में पढ़ता है। उन्हें इंजीनियर बनाना है। जयश्री खुद भी ग्रेजुएट हैं और अभी एमए की पढ़ाई कर रही है। उनके माता-पिता दोनों नहीं है।
राज कुमार यादव ने बताया कि उन्होंने गोकुल नगर गौठान से जुड़कर 5 लाख 40 हजार का गोबर बेचा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि गोबर सोना जैसा हो गया है। राजकुमार ने बताया कि वो डेयरी चलाते हैं। उनकी डेयरी में ८० गाय और ३५ भैंस हैं। गोबर बिक्री से मिली रकम से उन्होंने डेयरी में पशुओं के लिए शेड लगाया है। नये दुधारू मवेशी भी खरीदे हैं और बच्चों को भी अच्छे स्कूल में पढ़ा रहे हैं।
नम्रता पटेल ने बताया कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में उनकी टीम ने कबड्डी में भाग लिया था, उन्होंने जिले में पहला स्थान प्राप्त किया और सम्भाग तक प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेने का मौका मिला।मुख्यमंत्री ने नम्रता को बधाई दी।
बोरसी निवासी माया मिश्रा ने बताया कि 1200 स्क्वेयर फीट से कम में निर्माण होने के कारण मेरे मकान का निःशुल्क नियमितीकरण हुआ है। माया ने मुख्यमंत्री और को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने उन्हें मकान का वैध मालिक बनने के लिए बधाई दी। सतीश इंदूरकर की पत्नी ने बताया कि हाल ही में बेटी की शादी हो गई है, पति का स्वास्थ्य खराब है, अभी भी इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि आपकी योजना से डायलिसिस हो पा रहा है।
मुख्यमंत्री से बात करते हुए गायत्री ने कहा कि गोबर का संग्रहण कर गांव की महिलाएं स्वावलंबी बन रहीं हैं। गायत्री एमबीए हैं। वह अब गौठान में अपने समूह के साथ सुपर कंपोस्ट, वर्मी कंपोस्ट, मुर्गी पालन और बटेर पालन का कार्य करती हैं। महेंद्र ने बताया कि वो किडनी के मरीज हैं, उनका नियमित डायलिसिस चलता है। फेंसिग तार के लिए लोन लिया था, किडनी के इलाज में भी बहुत खर्च हो रहा है। बहुत सा कर्ज हो गया है। उनकी समस्या सुनकर मुख्यमंत्री ने उसकी बीमारी का इलाज शासन की तरफ से कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन के चेयरमेन विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र साहू, राज्य मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अलताफ अहमद, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा व अधिकारीगण मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal






