- अप्रैल से जून तक एरियर्स भी मिलेगा, अब 350 रुपए की जगह मिलेंगे 500 रुपए प्रति माह – वोरा
द सीजी न्यूज
शहर के निराश्रित वृद्धावस्था पेंशनधारी, विधवा व विकलांग समेत 5 कैटेगरी में पेंशन पाने वाले पेंशनधारियों को हर महीने मिलने वाली पेंशन राशि से 150 रुपए ज्यादा मिलेगा। वर्तमान में पेंशन राशि 350 रुपए प्रति महीना की दर से भुगतान किया जा रहा है। जुलाई माह से हर माह 500 रुपए पेंशन मिलेगी।
निगम क्षेत्र के 18739 निराश्रित पेंशनधारियों में से सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 4830, सुखद सहारा 3231, मुख्यमंत्री पेंशन योजना के अंतर्गत वृद्धा 176, विधवा 79, परित्यक्ता 5 , इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन 7134, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन 2936 और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विकलांग पेंशन 348 हितग्राही हैं।
समाज कल्याण विभाग से हर माह 69,50,250 रुपए की राशि नगर निगम को हस्तांतरित की जाती है, जहां से पेंशनधारियों को पेंशन का भुगतान किया जाता है। विधायक अरुण वोरा ने आज समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक कमलेश कुमार पटेल से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश के बजट सत्र में सीएम की घोषणा के अनुरूप समस्त पेंशनधारियो को अप्रैल माह से जून तक एरियर्स दिया जाए। साथ ही जुलाई से पेंशनधारियों के खाते में सीधे 500 रुपए बढ़ाने की प्रक्रिया की जाए और 80 साल से अधिक आयु के पेंशनधारियों को 500 रुपए से बढ़ाकर 650 रुपए भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
वोरा ने कहा कि किसी भी हितग्राही को दस्तावेजों की कमी के कारण पेंशन से वंचित ना रखा जाए। शहर में जितने भी आवेदन किए गए हैं, उन सभी का परीक्षण कर विभागीय सहायता समाज कल्याण विभाग उपलब्ध कराए। वार्डों में कैम्प लगाकर सर्वे भी कराया जाए, ताकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी मंशा और योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही को प्राप्त हो सके।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
