द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री मितान योजना को प्रदेश के सभी 44 नगर पालिकाओं में लागू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसकी घोषणा करते हुए कहा है कि 14 नगर निगमों में इस योजना की सफलता के बाद अब इसे सभी नगर पालिकाओं में लागू किया जा रहा है। सीएम ने नगर पालिकाओं में मितान योजना शुरू करने की जानकारी देते हुए ट्वीट भी किया है।
गौरतलब है कि यह योजना राज्य में एक मई 2022 को श्रम दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लांच की गई थी। इस योजना के माध्यम से नागरिकों को 14 नगर निगमों में राजस्व और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसमें मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाण पत्र, दस्तावेज़ की नकल, गैर-डिजिटाइज्ड (भूमि रिकॉर्ड आदि की प्रति), मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण और प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र, दुकान और स्थापना पंजीकरण, जन्म प्रमाणपत्र सुधार, मृत्यु प्रमाणपत्र सुधार, विवाह प्रमाणपत्र सुधार आदि सेवाएं शामिल हैं।
इस योजना के माध्यम से नागरिकों को 14545 नंबर पर डायल करना होता है। इसके बाद इन सेवाओं के लिए आवश्यक दस्तावेज लेने शासन द्वारा नियुक्त मितान नागरिकों के घर जाते हैं। आवश्यक दस्तावेज दिये जाने पर बेहद कम समय में ही नागरिकों को घर बैठे प्रमाण पत्र आदि उपलब्ध करा दिया जाता है। शुरू में यह योजना 14 नगर निगमों में संचालित की जा रही थी। अब इस योजना को सभी 44 नगर पालिकाओं में लागू किया जा रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
