Breaking News

आदिवासी युवक पर पेशाब करने वाले भाजपा नेता पर एनएसए : घर पर चला बुलडोजर : राहुल गांधी ने किया ट्वीट – यही भाजपा का असली चरित्र

द सीजी न्यूज

मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी युवक पर पेशाब करने के आरोपी भाजपा कार्यकर्ता प्रवेश शुक्ला को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर एनएसए लगाया गया है। प्रवेश शुक्ला पर नशे की हालत में युवक से अभद्रता करने का आरोप है। इस मामले में सरकारी अमले ने प्रवेश शुक्ला का घर ढहाने बुलडोजर और जेसीबी लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर एसडीएम नीलांबर मिश्रा, पटवारी और 70 से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद हैं।

जेसीबी देखकर आरोपी प्रवेश की मां और चाची बेहोश हो गईं। डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। आरोपी की मां रोते हुए अफसरों से बोली- बेटे ने गलत काम किया है तो उसे सजा दें। मेरा घर न गिराएं। यह घर मैंने बड़ी मुश्किल से बनाया है। लेकिन प्रशासन की टीम बुलडोजर और जेसीबी से मकान को गिराने में जुटी रही। इधर, सिहावल एसडीएम आरपी त्रिपाठी का कहना है कि मकान में किए गए निर्माण में से करीब एक तिहाई हिस्सा अवैध है, उसे ढहाया जा रहा है।

सभी परिजनों को बाहर निकालकर मकान तोड़ने का काम जारी रहा। मकान में चार हिस्सेदार हैं- प्रवेश के पिता रमाकांत शुक्ला, दो चाचा और दादी। इस मकान के आसपास बने स्टोर रूम के दो कमरे, मेहमानों के लिए बनाया गया कमरा और सीढ़ियां तोड़ी जा चुकी है। मुख्य मकान के आगे के हिस्से को ढहा दिया गया है। मकान तोड़ते समय एक जेसीबी खराब हो गई। प्रशासन ने तत्काल दूसरी जेसीबी बुलाकर तुड़ाई दोबारा शुरू करा दी। राजस्व विभाग के अधिकारी सौरभ मिश्रा ने बताया कि फिलहाल 400 वर्ग फीट में बने अवैध हिस्से को गिरा दिया गया है।

पिता-माता और पत्नी को थाने बुलाकर हुई थी पूछताछ 

आरोपी प्रवेश सीधी से 20 किलोमीटर दूर कुबरी गांव का रहने वाला है। उसका घर पंचायत भवन से 100 मीटर दूर है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मंगलवार को उसके घर पहुंची थी, लेकिन प्रवेश वहां नहीं मिला। पुलिस ने उसके पिता-माता और पत्नी को थाने बुलाकर पूछताछ की। परिवार ने घटना को लेकर किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया। इसके बाद रात करीब दो बजे प्रवेश को गिरफ्तार कर लिया गया।

विधायक का प्रतिनिधि रह चुका है प्रवेश शुक्ला

प्रवेश का वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ था। यह 10 दिन पुराना बताया जा रहा है। आरोपी सीधी जिले से BJP विधायक केदारनाथ शुक्ला का प्रतिनिधि रह चुका है। आदिवासी युवक के पहले मानसिक विक्षिप्त होने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई। सीधी के विधायक केदारनाथ शुक्ला का कहना है कि ‘प्रवेश न तो मेरा प्रतिनिधि है, न ही पार्टी का कार्यकर्ता। जनप्रतिनिधि होने के नाते मुलाकात होना संभव है।’ उन्होंने स्वीकार किया कि वे प्रवेश शुक्ला को जानते हैं।

जवाब में अरुण यादव ने ट्वीट किया आरोपी का नियुक्ति पत्र

विधायक केदारनाथ शुक्ला ने आरोपी प्रवेश शुक्ला को बीजेपी कार्यकर्ता मानने से इंकार कर दिया। इसके जवाब में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने प्रवेश शुक्ला को भाजपा मंडल उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने का पत्र ट्वीट कर दिया। अरुण यादव ने लिखा, ‘यह नियुक्ति पत्र उन लोगों के लिए है, जो बोल रहे हैं कि प्रवेश शुक्ला भारतीय जनता पार्टी का सदस्य नहीं है। वो भारतीय जनता युवा मोर्चा में मंडल उपाध्यक्ष है, साथ ही विधायक केदारनाथ शुक्ला जी ने उसे अपना प्रतिनिधि भी बनाया है।’

कमलनाथ बोले- क्या सत्ता का नशा इस कदर चढ़ गया

पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहाक्या सत्ता का नशा इस कदर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर चढ़ गया है कि वे इंसान को इंसान नहीं समझ रहे। यह घटना आदिवासी अस्मिता पर प्रहार है। यह घटना टंट्या मामा और बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों का अपमान है। यह घटना प्रदेश के करोड़ों आदिवासी भाई-बहनों का अपमान है।

Check Also

जश्ने ईद मिलादुन्नबी : आज नेअमते उज़्मा कॉन्फ्रेंस, 26 को शान से निकलेगा जुलूसे मोहम्मदी 

THR CG NEWS जिनके आने से रौशन हुए दो जहां,  उनके कदमों की बरकत पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!