द सीजी न्यूज
गुजरात हाई कोर्ट से राहुल गांधी की याचिका खारिज होने के बाद कांग्रेस ने पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में प्रदर्शन किया। बीरगांव में स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन के चेयरमेन विधायक अरुण वोरा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए बिरगांव कांग्रेस कमेटी ने ‘अन्याय’ को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने काफी देर तक चौराहे पर नारेबाजी की।
वोरा ने कहा कि राहुल गांधी इस अहंकारी सत्ता के सामने अडिग, सत्य और जनता के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं। गुजरात हाईकोर्ट में राहुल गांधी की याचिका खारिज किये जाने से पूरे देश में नाराजगी है। वोरा ने कहा कि इस छलकपट और विपक्ष विरोधी फैसलों से राहुल गांधी रुकेंगे नहीं।
गौरतलब है कि गुजरात हाईकोर्ट ने शुक्रवार को मोदी सरनेम केस में राहुल गांधी की 2 साल की सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। हाईकोर्ट ने कहा कि इस केस के अलावा राहुल के खिलाफ कम से कम 10 केस पेंडिंग हैं। ऐसे में सूरत कोर्ट के फैसले में दखल देने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस ने गुजरात हाईकोर्ट के फैसले के बाद कहा कि हम अब सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। 23 मार्च 2023 को सूरत की सेशन कोर्ट ने राहुल गांधी को 2 साल की सजा सुनाई थी। इस फैसले के 27 मिनट बाद उन्हें जमानत मिल गई थी। इसके अगले दिन 24 मार्च को राहुल की सांसदी चली गई थी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

