द सीजी न्यूज
खालसा पब्लिक स्कूल में आयोजित नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक को लेकर भाजपा पार्षदों ने आज जाति प्रमाण पत्र जारी करने में लेटलतीफी सहित शहर की समस्याओं पर चर्चा कराने व पानी-बिजली-सड़क और घपले-घोटाले के साथ ही सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार पर चर्चा कराने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। निगम के नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा की अगुवाई में जोरदार प्रदर्शन किया गया।
पूर्व के स्वीकृत आवेदनों पर पहले जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग करते हुए अनुसूचित जाति वर्ग के आवेदक हाथों में तख्ती लेकर पहुंचे थे। भाजपा पार्षद दल के साथ मालवीय चौक से पैदल मार्च करते हुए बैठक स्थल खालसा पब्लिक स्कूल पहुंचकर विधायक अरुण वोरा के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान वार्ड 12 गजानन नगर के पार्षद अजीत वैद्य व उनके वार्ड की महिलाओं और युवाओं ने महापौर धीरज बाकलीवाल की गाड़ी रोककर जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा पार्षद गायत्री साहू, चंद्रशेखर चंद्राकर, देवनारायण चंद्राकर, नरेंद्र बंजारे, काशीराम कोसरे, नरेश तेजवानी, शिवेंद्र परिहार, अरुण सिंह, ओम प्रकाश सेन, मनीष साहू, अजीत वैद्य, चमेली साहू, मीना सिंह, लीना दिनेश देवांगन, कविता तांडी, शशि साहू, हेमा शर्मा, कुमारी साहू, पुष्पा गुलाब वर्मा सहित अन्य पार्षद मौजूद थे।
नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा ने कहा कि स्कूली छात्रों व युवाओं को जाति प्रमाण पत्र में सरलीकरण करने भूपेश सरकार द्वारा घोषणा की गई है। सामान्य सभा में स्वीकृति के बावजूद अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को जाति प्रमाण पत्र के लिए भटकना पड़ रहा है। पूर्व में सामान्य सभा में पास किए गए 3 सौ से अधिक आवेदको को अब तक जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है। इसी एजेंडा को लेकर आज लगभग 432 आवेदनों को लेकर फिर बैठक आहूत की गई।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
