द सीजी न्यूज
अनुदान राशि में अनियमितता के आरोप में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक,दुर्ग के पूर्व अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन के विरुद्ध दुर्ग थाने में अपराध दर्ज होने के बाद आज दुर्ग पुलिस ने बेलचंदन को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मार्च 2021 को पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। प्रीतपाल पर 2014 से 2020 के बीच जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष रहते हुए 14.89 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप है।
प्रीतपाल बेलचंदन दुर्ग जिले में भाजपा के दिग्गज नेता हैं। वो 2008 में विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। दो साल पहले बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) पंकज सोढी ने दुर्ग कोतवाली में FIR दर्ज कराई थी। उन्होंने बैंक के तत्कालीन अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन सहित संचालक मंडल पर बिना अनुमति अनुदान राशि और एकमुश्त समझौता योजना में छूट देने का आरोप लगाया था। दुर्ग पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी की धारा 420 सहित धारा 409, 467, 468, 471 और 34 के तहत मामला दर्ज किया था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए बेलचंदन ने जिला अपर सत्र न्यायाधीश शैलेष कुमार तिवारी की अदालत में जमानत की याचिका लगाई थी। इस पर सुनवाई करते हुए अदालत याचिका को खारिज कर दिया। दुर्ग पुलिस ने सोमवार तड़के बेलचंदन को गिरफ्तार कर लिया है। बेलचंदन को दुर्ग कोतवाली थाने में रखा गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। भाजपा शासनकाल में बेलचंदन 4 बार बैंक के अध्यक्ष रहे हैं।
14.89 करोड़ रुपए की अनियमितता का आरोप
8 अगस्त 2014 से 12 जून 2020 की अवधि में पंजीयक सहकारी संस्थाएं छत्तीसगढ़ से बिना अनुमति के 234 प्रकरणों में 13.50 करोड़ की अनुदान राशि में अनियमितता का आरोप है। इस दौरान बैंक की बिल्डिंग निर्माण की खरीदी के लिए रकम की हेराफेरी का भी आरोप लगा। दूसरे प्रकरण में 5 अगस्त 2016 से 12 जून 2019 के बीच किसानों को लोन दिया गया। लेकिन एकमुश्त समझौता योजना में 186 प्रकरणों में छूट प्रदान कर 1.75 करोड़ रुपए का गबन करने का आरोप है। इस प्रकार बैंक को कुल 14.89 करोड़ रुपए की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
