द सीजी न्यूज
राजनांदगांव। जिले में महादेव यादव द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त न मिलने पर मृत्यु होने संबंधी समाचार को जिला प्रशासन ने भ्रामक बताया है। इस संबंध में तथ्यों की जांच की गई है कि आवास महादेव यादव के नाम से स्वीकृत नहीं है बल्कि उनकी पत्नी ललिता बाई यादव और उनकी सास जंत्री बाई यादव के नाम से स्वीकृत है। महादेव यादव वार्ड क्रमांक 44 में रहते थे। महादेव यादव के द्वारा पत्नी ललिता यादव और सास जंत्री बाई यादव के आवास का निर्माण कार्य किया जा रहा था।
आवास निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार महादेव यादव की सास को दो किश्तों का भुगतान किया जा चुका है। 27 जून 2023 तक 1 लाख 28 हजार 622 रुपए की राशि का भुगतान किया जा चुका है। 9 फरवरी 2023 को पहली किस्त की राशि 53 हजार 593 रूपए और 27 जून 2023 को दूसरे किस्त की राशि 75 हजार 31 रुपए का भुगतान किया गया है। आवास निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार उनकी पत्नी ललिता यादव को 18 जुलाई 2023 तक 56 हजार 531 रुपए की राशि का भुगतान नींव स्तर के लिए किया जा चुका है। दोनों हितग्राही को 1 लाख 85 हजार 155 रुपए की राशि का भुगतान किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लगातार भुगतान किया जा रहा है और शासन द्वारा प्राप्त राशि की प्रक्रिया सतत जारी है। विगत माह 8 करोड़ की राशि शासन से प्राप्त हुई थी। जिसका पूर्ण भुगतान हितग्राहियों को किया जा चुका है। महादेव यादव के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के किश्त की राशि भुगतान के संबंध में नगर निगम कार्यालय में कभी किसी प्रकार से लिखित या मौखिक शिकायत नहीं की गई है और न ही इस संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महादेव यादव द्वारा वार्ड क्रमांक 44 में अन्य हितग्राहियों के स्वीकृत आवासों के ठेकेदारी करते हुए आवास निर्माण का कार्य किया जाता था। महादेव यादव द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त नहीं मिलने पर जहर सेवन करने की अफवाह भ्रामक और निराधार है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal