- मतदान जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत कार्ययोजना बनाकर आयोजित करें विभिन्न कार्यक्रम
द सीजी न्यूज
दुर्ग / मतदान जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने विधानसभा निर्वाचन – 2023 के लिए व्यवस्थित तरीके से कार्य करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अरविंद एक्का, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्वनी देवांगन, संयुक्त कलेक्टर हरवंश मिरी, बीईओ, एईआरओ सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने सेक्टर अधिकारियों, सुपरवाइजरों और बीएलओ से मतदान केन्द्रों की संख्या, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधित करने और विलोपित करने की प्रक्रिया की जानकारी ली। आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ईआरओ को रोज एक घंटा बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण करने कहा। उन्होंने बीएलओ द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु भरे गए फार्म 6 की भी जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वीप कार्यक्रम में थर्ड जेण्डर और दिव्यांग मतदाताओं के नाम प्राथमिकता से जोड़ने कहा। शत्-प्रतिशत् पात्र व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने उन्होंने सभी बीएलओ को घर-घर जाकर सर्वे करने कहा।
कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार सभी मतदान केन्द्रों में निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ना, विलोपित करना और त्रुटि सुधार आदि कार्य 31 अगस्त तक किया जाएगा। नवीन मतदाताओं का नाम जोड़ने हेतु फार्म 06, नाम हटाने हेतु फार्म 07 और त्रुटि सुधार हेतु फार्म 08 की जानकारी ली। कलेक्टर ने ऐसे व्यक्ति जिनका 18 वर्ष पूर्ण हो चुका है, या 1 अक्टूबर 2023 की स्थिति में 18 वर्ष पूर्ण होने वाला हो, उनका नाम मतदाता सूची में जरूर जोड़ा जाए।
कलेक्टर ने जिले के सभी विद्यालय और महाविद्यालयों में मतदान के प्रति युवाओं में जागरूकता लाने कार्यक्रमों का आयोजन करने कहा। जागरूकता अभियान के अंतर्गत पेंटिंग, स्लोगन, सायकल रैली, सोशल मीडिया, छात्र-छात्राओं के साथ मानव श्रृंखला जैसी अनेक एक्टिविटी और प्रतियोगिता के माध्यम से मतदाताओं को शत-प्रतिशत् मतदान का संदेश देने कहा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
