द सीजी न्यूज
राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पीएम मोदी के सवालों पर पलटवार किया। राहुल ने कहा कि मणिपुर में महीनों से आग लगी है, लोग मारे जा रहे हैं। दुष्कर्म हो रहा है, बच्चों को मारा जा रहा है। प्रधानमंत्री संसद में मणिपुर पर दो मिनट बोले। प्रधानमंत्री हंस कर बोल रहे थे। मुस्कुरा रहे थे। जोक मार रहे थे। प्रधानमंत्री को यह शोभा नहीं देता है। संसद में चर्चा का विषय मणिपुर था, मणिपुर जल रहा है।
मोदी जी ने मणिपुर में भारत की हत्या की
राहुल गांधी ने आगे कहा कि वे करीब 19 साल से राजनीति में हैं और करीब हर राज्य में, चाहे बाढ़ आए, सुनामी आए, हिंसा हो, वे जाते हैं। 19 साल के अनुभव में मैंने जो मणिपुर में देखा, वह मैंने पहले कभी नहीं देखा सुना। मैंने संसद में कहा कि अमित शाह जी और नरेंद्र मोदी जी ने मणिपुर में भारत की हत्या की।
मणिपुर में जो हो रहा है, उसे हिंदुस्तान की सेना दो दिन में रोक सकती है। अगर हिंदुस्तान की सेना को कहा गया कि तीन दिन में इस हिंसा को बंद करो तो सेना दो दिन में यह कर सकती है। लेकिन प्रधानमंत्री मणिपुर को आग में जलाना चाहते हैं। इसे बुझाना नहीं चाहते।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री कम से कम मणिपुर जा सकते थे, समुदायों से बात कर सकते थे और कह सकते थे कि मैं आपका पीएम हूं, आइए बात शुरू करें लेकिन मुझे कोई इरादा नहीं दिखता। सवाल यह नहीं है कि क्या पीएम मोदी 2024 में पीएम बनेंगे। सवाल मणिपुर का है जहां बच्चे, लोग मारे जा रहे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
