Breaking News

वरिष्ठ पत्रकार-लेखक सुधीर सक्सेना को वसुंधरा सम्मान से सम्मानित करेंगे सीएम भूपेश बघेल : 14 अगस्त को सीएम हाउस में होगा समारोह

द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 14 अगस्त को पूर्वान्ह 11.30 बजे मुख्यमंत्री निवास में स्व. देवीप्रसाद चौबे की स्मृति में स्थापित और लोकजागरण के लिए वरिष्ठ पत्रकार-लेखक सुधीर सक्सेना को वसुंधरा सम्मान से सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत करेंगे और सुप्रसिद्ध लेखक व पत्रकार राजेश बादल समारोह को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे।
वसुंधरा सम्मान का यह निरंतर 23 वां आयोजन है। सम्मान समारोह स्व. देवी प्रसाद चौबे की 47 वीं पुण्य तिथि के अवसर पर 14 अगस्त 2023 को मुख्यमंत्री निवास रायपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से लोकजागरण की मासिक पत्रिका कृति वसुंधरा और श्री चतुर्भुज मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
सुधीर सक्सेना राष्ट्रीय ख्याति के पत्रकार हैं, जिनका छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान है। सुधीर सक्सेना ने 14 कविता संग्रह, वैदेशिक और भारतीय भाषाओं में अनुवाद की 11 पुस्तकें, कथेतर गद्य की अन्य 18 पुस्तकें प्रकाशित की हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में गांधी, मध्यप्रदेश में आजादी की लड़ाई और आदिवासी, भूमकाल, छत्तीसगढ़ में मुक्तिसंग्राम और आदिवासी, गुण्डाधुर एक योद्धा जैसी पुस्तकों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सामाजिक-राजनीतिक पृष्ठभूमि पर महत्वपूर्ण लेखन किया है। वे माधवराव सप्रे पुरस्कार, पुश्किन सम्मान, वागीश्वरी सम्मान, प्रमोद वर्मा सम्मान, शमशेर सम्मान, जैसे अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं। इन दिनों वे पाक्षिक पत्रिका दुनिया इन दिनों का सम्पादन कर रहे हैं।
विगत वर्षों में वसुंधरा सम्मान से स्वर्गीय रमेश नैयर, स्व श्याम लाल चतुर्वेदी, स्व कुमार साहू, स्व बसंत कुमार तिवारी, स्व. विनोद शंकर शुक्ल, स्व शरद कोठारी, स्व बबन प्रसाद मिश्र, डा. हिमांशु द्विवेदी, दिवाकर मुक्तिबोध, आशा शुक्ला, गिरिजाशंकर, ज्ञान अवस्थी, श्याम वेताल,  अभय किशोर, डा. सुशील त्रिवेदी, गिरीश पंकज, बी. के. एस. रे, प्रकाश दुबे, स्व. तुषार कांति बोस, ई. वी. मुरली, सतीश जायसवाल और  लीलाधर मंडलोई को सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम में संयोजक वसुंधरा सम्मान विनोद मिश्र, अध्यक्ष निर्णायक समिति दिवाकर मुक्तिबोध, अध्यक्ष आयोजन समिति डॉ. अरूण कुमार श्रीवास्तव सहित सदस्य निर्णायक समिति गिरीश पंकज, ई.व्ही. मुरली, समीर दीवान, राघवेन्द्र प्रताप सिंह और राजेश गनोदवाले भी उपस्थित रहेंगे।

Check Also

भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में टाइल्स, मार्बल, ग्रेनाइट लगाने भूमिपूजन संपन्न

THE CG NEWS भिलाई। सेक्टर-5 स्थित भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में 3 लाख की लागत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!