- छत्तीसगढ़ ओबीसी महासभा और पिछड़ा वर्ग कल्याण संघ के निवेदन पर मुलाकात के लिए समय देने का अनुरोध किया
- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से संघ के पदाधिकारियों ने यथा शीघ्र 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने की मांग प्रमुखता से रखी थी
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ ओबीसी महासभा और छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण संघ के निवेदन पर भेंट के लिए समय देने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्र में लिखा है कि 27 अगस्त 2023 को रायपुर में आयोजित ओबीसी महासम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ ओबीसी महासभा और छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण संघ द्वारा निवेदन किया गया कि वे अपनी लंबित मांगों को लेकर आपसे भेंट करना चाहते हैं। छत्तीसगढ़ ओबीसी महासभा और छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण संघ के प्रतिनिधि मंडल को भेंट के लिए समय देने और सहानुभूतिपूर्वक उनकी मांगों पर विचार करने का कष्ट करेंगे।
छत्तीसगढ़ ओबीसी महासभा और छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण संघ ने रविवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भेंटकर ओबीसी वर्ग को शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं में समुचित लाभ दिलाने के संदर्भ में अपनी मांग रखी थी। संघ ने यथाशीघ्र 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लागू करने की मांग प्रमुखता से रखी। इस मौके पर संघ ने मुख्यमंत्री से विभिन्न लंबित मांगों को लेकर राज्यपाल विश्वभूषण से समय दिलाने का अनुरोध भी किया, जिसे देखते हुए संघ के निवेदन पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को पत्र लिखा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
