द सीजी न्यूज
दुर्ग। जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने आज दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचकर डेंगू के मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। वर्मा ने डेंगू के बढ़ते कहर पर चिंता जाहिर करते हुए विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दुर्ग शहर में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, लेकिन शहर के दोनों बड़े जिम्मेदार जनप्रतिनिधि खामोश बैठे हैं। उन्हें मरीजों की चिंता नहीं है। डेंगू का फैलाव भी नजर नहीं आ रहा है।
जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि दुर्ग की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह तार-तार हो चुकी है और सरकारी अस्पताल की बदहाली के चलते डेंगू के मरीजों को विवश होकर निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट जमा किए बिना आयुष्मान कार्ड के जरिए इलाज का खर्च वसूलने के लिए क्लेम किया जा रहा है।
वर्मा ने दुर्ग शहर में डेंगू के फैलाव के लिए विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल को दोषी ठहराते हुए कहा कि शहर में चारों ओर नालियां बजबजा रही है। गंदगी का आलम यह है कि नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है। डेंगू के मच्छर व लार्वा समाप्त करने के लिए कोई भी कारगर योजना नहीं है। नगर निगम कुंभकर्णी नींद में सो रहा है। डेंगू के मच्छरों के काटने से हजारों लोग डेंगू से प्रभावित हैं। सरकारी सहित निजी अस्पतालों में डेंगू के मरीजों की भीड़ लग गई है। शासन-प्रशासन पूरी तरह हाथ पर हाथ धरे बैठा है। डेंगू से निपटने शासन व प्रशासन के पास कोई योजना ही नहीं है।
वर्मा ने कहा कि दुर्ग निगम प्रशासन आम जनता के मूलभूत समस्याओं के बजाय सिर्फ शहर के चौक चौराहों पर चाइनीज लाइट लगाने और कमीशनखोरी में मस्त है। नगर निगम प्रशासन को नाली, सड़क, पानी बिजली जैसे मामलों से कोई लेना-देना ही नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि डेंगू के रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय नहीं किए गए तो भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनता को साथ लेकर मोर्चा खोला जाएगा। जिला अस्पताल में मरीजों से मुलाकात के दौरान दिलीप साहू, सुरेंद्र कौशिक, रोहित साहू, दीपक चोपड़ा, जितेंद्र सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष मदन वाढ़ई, डा. शरद अग्रवाल, नवीन पवार व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
