Breaking News

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया की मौजूदगी में पद्मश्री उषा बारले और पाटन के कांग्रेस नेता मेहत्तर वर्मा ने किया भाजपा प्रवेश

द सीजी न्यूज

दुर्ग। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने आज प्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्मश्री उषा बारले को भगवा गमछा पहनाकर भाजपा में प्रवेश दिलाया।  सांसद विजय बघेल के मार्गदर्शन में पाटन विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मेहत्तर वर्मा को भाजपा प्रवेश कराया। मेहत्तर वर्मा वर्ष 2010 से 2021 तक लगातार 11 साल तक पाटन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे। मनवा कुर्मी समाज के पाटन राज के पूर्व राज प्रधान और केंद्रीय सचिव भी रह चुके हैं।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने दोनों नेताओं के भाजपा प्रवेश पर शुभकामनाएं दी है। भाजपा कार्यालय में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने सबसे पहले दुर्ग जिला समन्वय समिति की बैठक ली। इसके बाद केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों से संक्षिप्त चर्चा की। पार्टी के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मनसुख मांडविया ने कहा कि हम हमारी विरासत से प्रेरणा लेते है, ना कि विदेशी विचारधारा से। दो निशान, दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेगा, इस भावना से जनसंघ का जन्म हुआ।

राष्ट्र सेवा का भाव रखकर भाजपा और उसके कार्यकर्ता काम करते हैं। देश में ऐसे संस्कारों वाला कोई दूसरा राजनीतिक दल नहीं है। भाजपा का कार्यकर्ता यह जानता है कि भाजपा मजबूत होगी, तभी देश मजबूत होगा। ऐसे महान विचारों से भरा भाजपा कार्यकर्ता यदि ठान ले कि मुझे मेरी पार्टी को जिताना है तो कांग्रेस और भूपेश बघेल तो क्या दुनिया की कोई ताकत भाजपा को हरा नहीं सकती।

इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ऐसा कोई वर्ग नहीं है जिसको भूपेश बघेल ने ठगा नहीं होगा। शराबबंदी का झूठा वादा करके महिलाओं को ठगा। बेरोजगारी भत्ता शत प्रतिशत युवाओं को देने की बजाय उसमें अनेकों प्रकार की शर्तें लगाकर बेरोजगारों को छला। ऐसे झूठे और वादाखिलाफी करने वाले लोगों को सत्ता से बाहर करना छत्तीसगढ़ के हित में जरूरी है।

भाजपा लोकसभा सांसद और पाटन विधानसभा प्रत्याशी विजय बघेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने दुर्ग जिले में पहला टिकट पाटन का घोषित किया है। जनता के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ में भाजपा की जीत का पहला आगाज पाटन से ही होगा। उन्होंने कहा मेहतर वर्मा और उनके साथियों के भाजपा प्रवेश से अब दुगनी शक्ति के साथ भाजपा काम करेगी।

जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने स्वागत भाषण में कहा कि दुर्ग जिले में पिछले 15 महीनों में भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग से बड़े-बड़े कार्यक्रम संपन्न हुए हैं। उन्होंने प्रदेश सह चुनाव प्रभारी मनसुख मंडाविया को आश्वस्त करते हुए कहा अब पूर्णाहुति का समय आ गया है, जिले के समस्त कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव में अपना तन मन धन लगाकर समर्पित भाव से भारतीय जनता पार्टी को जिताने के लिए संकल्पित हैं। बैठक का संचालन जिला भाजपा महामंत्री सुरेंद्र कौशिक और आभार प्रदर्शन जिला भाजपा महामंत्री ललित चंद्राकर ने किया।

बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य उषा टावरी, चंद्रिका चंद्राकर, रविशंकर सिंह, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, लाभचंद बाफना सहित जिला समन्वय समिति के सदस्य, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

पसरा व्यवसाइयों के अतिक्रमण हटाने पर विधायक रिकेश ने जताई नाराजगी : सीएम से चर्चा कर मुआवजे की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर।‌ सड़क किनारे पसरा लगाकर व्यवसाय करने वालों को हटाने की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!