द सीजी न्यूज
जिला ग्रामीण युवा कांग्रेस अध्यक्ष जयंत देशमुख ने केंद्र की मोदी सरकार को किसान विरोधी करार देते हुए कहा है कि बायोमेट्रिक सिस्टम से धान खरीदी की व्यवस्था शुरू करना किसानों को परेशान करने का नया हथकंडा है। जयंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ के 9 भाजपा सांसदों ने कभी भी किसानों की सुध नही ली। इस बार भी वे किसानों के मुद्दे पर मुंह छुपा कर बैठ गए हैं। इससे केंद्र की मोदी सरकार व उनके सांसदो का किसान विरोधी चेहरा उजागर होता है। इस मामले को लेकर युवा कांग्रेस द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
जयंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार 2018 से लगातार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम कर रही है। दूसरी ओर मोदी सरकार चांवल के कोटे में कटौती या समर्थन मूल्य जैसे मुद्दों पर किसान विरोधी रवैया अपनाए हुए है। पूरे देश में तीन कृषि कानूनों के जरिये मोदी सरकार ने किसानों को उद्योगपतियों का गुलाम बनाने का प्रयास किया था। मोदी सरकार के मंसूबे किसानों की एकता के आगे असफल हो गए। अब भाजपा ने नया तुगलकी फरमान जारी किया है।
जयंत ने कहा कि धान खरीदी के लिए बॉयोमेट्रिक सिस्टम अनिवार्य किये जाने से किसानों को परेशानी हो रही है। पूर्व में बायो मेट्रिक सिस्टम राशन दुकानों में लागू किया गया था जो दो साल बाद भी पटरी पर नहीं आ पाई है। छत्तीसगढ़ में एक नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। इस हालत में किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। टोकन वाले दिन यदि नेटवर्क खराब हुआ तो किसानों को अगले दिन फिर आना पड़ेगा। इससे प्रदेश के किसानों की परेशानी बढ़ेगी। थंब इंप्रेशन न मिलने पर भी किसान धान नहीं बेच पाएंगे।
जयंत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में भाजपा के किसान विरोधी रवैये का जवाब छत्तीसगढ के किसान अपने वोट के माध्यम से देंगे और किसानों को गुलाम बनाने की सोच रखने वाले भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों का ज़मीनी स्तर पर विरोध करेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
