Breaking News

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ‘कॉमर्शियल हब’, एयरोसिटी और ‘शहीद स्मारक’ की रखी आधारशिला

  • 1083 एकड़ में चरणबद्ध रूप से विकसित होगा ‘कॉमर्शियल हब’
  • 216.63 एकड़ क्षेत्र में चरणबद्ध रूप से विकसित होगी ‘एयरोसिटी’
  • 13 एकड़ क्षेत्र में होगी ‘शहीद स्मारक’ की स्थापना

द सीजी न्यूज

 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज नवा रायपुर अटलनगर के सेक्टर-35 में आयोजित समारोह में तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं ‘कॉमर्शियल हब’, एयरोसिटी और ‘शहीद स्मारक’ का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। नवा रायपुर में निवेश, बसाहट और वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेक्टर-23, 24, 34, 35 और 40 में 1083 एकड़ में ‘कॉमर्शियल हब’ विकसित किया जा रहा है। नवा रायपुर के लेयर-3 में यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने, एयरपोर्ट क्षेत्र के वाणिज्यिक विकास और रोजगार सृजन हेतु स्वामी विवेकानंद विमानतल के निकट ग्राम बरोदा और रमचण्डी के चिन्हांकित 216.63 एकड़ में ‘एयरोसिटी’ विकसित की जा रही है। ‘शहीद स्मारक’ की स्थापना नवा रायपुर के ग्राम परसदा (सेक्टर-3) में व्हीआईपी बटालियन में 13 एकड़ में की जा रही है।

कॉमर्शियल हब : प्रथम चरण में 1000 थोक व्यावसायिक दुकानों का होगा निर्माण

कॉमर्शियल हब के प्रथम चरण में 20 व्यवसायों के लगभग 1,000 थोक व्यावसायिक दुकानों के विकास हेतु भू-खण्डो का प्रावधान किया गया है, जिसमें थोक किराना, अगरबत्ती, होलसेल बारदाना, दाल मिल, पेपर ट्रेड आदि हेतु पृथक-पृथक प्रावधान किया गया है। कॉमर्शियल हब के विकास के लिए राज्य शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में 5 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। ‘कॉमर्शियल हब’ के सिटी लेवल अधोसंरचना और प्रथम चरण के 125 एकड़ में अधोसंरचना का विकास 195.51 करोड़ रुपए की राशि से किया जाएगा।

इस परियोजना के लिये चिन्हांकित भूमि राष्ट्रीय राज मार्ग नं. 30 और भारत माला परियोजना के अलॉइमेंट के निकट स्थित है और उक्त भूमि को रेलवे कनेक्टिविटी भी प्राप्त है। चिन्हांकित भू-खण्ड स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से लगभग 12 किमी. पर स्थित है। चिन्हांकित भूमि ग्राम निमोरा, उपरवारा, परसट्ठी, बेन्द्री, केन्द्री, झांकी व मुड़पार में स्थित है।

लगभग 7743 विभिन्न थोक व्यावसायिक संघों से परामर्श और सर्वे करने के बाद बाजार की मांग का आंकलन किया गया है, जिसके आधार पर मांग मूल्यांकन और प्रोडक्ट मिक्स निकाले गए चिन्हांकित भू-खण्ड में भूमि की उपलब्धता और व्यावसायिक गतिविधि की प्राथमिकता के आधार पर कुल 1,083 एकड़ पर व्यावसायिक क्लस्टर अनुसार जोनिंग प्लान तैयार किया गया है, जिसका विकास चरणबद्ध रूप से किया जाना प्रस्तावित है। यह थोक व्यावसायिक बाजार न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि आस-पास के अन्य राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए भी लाभदायक होगा।

एयरोसिटी : वाणिज्यिक संस्थान, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, होटल का प्रावधान

नया रायपुर अटल नगर के लेयर-3 में यात्री सुविधाओं को बढावा देने, एयरपोर्ट क्षेत्र के वाणिज्यिक विकास और रोजगार सृजन हेतु स्वामी विवेकानंद विमानतल के निकट एयरोसिटी विकसित की जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2023 को एयरोसिटी स्थापना की घोषणा की थी। शासकीय स्वामित्व की 15.45 एकड भूमि पर तैयार किये गये अभिन्यास में 0.62 एकड़ से 3.01 एकड़ तक के 04 वाणिज्यिक भू-खण्ड, 0.82 एकड़ के 01 शॉपिंग कॉम्पलेक्स और 1.44 एकड़ भूमि 01 होटल हेतु प्रस्तावित है। एयरोसिटी के विकास हेतु राज्य शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में 2 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है।

शहीद स्मारक

नवा रायपुर अटल नगर क्षेत्र के ग्राम परसदा (सेक्टर-3) में व्ही.आई.पी. बटालियन के लिए 42.931 एकड़ भूमि चिन्हांकित की गई है। इसमें से 13 एकड़ में शहीद स्मारक की स्थापना की जाएगी। प्रस्तावित परियोजना में शहीद स्मारक लगभग 7 एकड़ भूमि पर 2700 शहीदों के नाम उत्कीर्ण किये जाने हेतु दीवारों का निर्माण, छत्तीसगढ़ अमर जवान ज्योति स्मारक का निर्माण लगभग 6 एकड़ भूमि में, 1500 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्मारक म्यूजियम, 21 प्लाटून हेतु परेड ग्राउंड, बगलर प्लेटफार्म, लगभग 400 दर्शकों हेतु दीर्घा, 40 वर्ग मीटर में विशिष्ट अतिथि दीर्घा, 1400 वर्ग मीटर में 60 जवानों के लिए बैरक और पार्किंग, फाउंटेन, सिचाई इत्यादि की व्यवस्था की जाएगी। राज्य शासन द्वारा इसके लिए 47.75 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।

नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण क्षेत्र अंतर्गत विविध कार्यों के इस शिलान्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर ने की। इस दौरान  पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविन्द्र चौबे, विधायक धनेन्द्र साहू, मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार  राकेश गुप्ता और छत्तीसगढ़ चैंबर आफ कामर्स के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

गोडसे के चेले देशभक्तों पर आरोप लगा रहे, वोट चोरी के विरोध में जनसैलाब को नहीं रोक पाएगी कोई भी तानाशाह ताकत : ठाकुर

एआईसीसी आब्जर्वर राजेश ठाकुर बोले – चोरों के सरदार की भाषा बता रही है कि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!