- मोदी-अडानी का रिश्ता पूछा तो लोकसभा की सदस्यता रद्द कर दी
द सीजी न्यूज
बिलासपुर के तखतपुर विकासखण्ड के ग्राम परसदा सकरी में हुए आवास सम्मेलन के मंच से राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि मोदी जी, अडानी-अंबानी के जहाज में आते-जाते हैं, आखिर ये रिश्ता क्या है ? मैंने संसद में पूछा कि डिफेंस में, एयरपोर्ट में, किसानों के काले कानून में अडानी को फायदा दिलाने की कोशिश की गई। आखिर ऐसा क्यों हुआ ? किस रिश्ते के तहत ये फायदे पहुंचाए गए ? मैंने जब इस रिश्ते के बारे में पूछा तो मेरी लोकसभा की सदस्यता रद्द कर दी गई।
राहुल ने कहा कि आज जैसे ही मैं यहां आया, मेरे हाथ में रिमोट कंट्रोल दिया गया। बताया गया कि आप बटन दबाइए और मेरे बटन दबाते ही एक दो सेकंड में हजारों करोड़ रुपए गरीब और जरूरतमंद हितग्राहियों के बैंक खातों में आ गए। छत्तीसगढ़ की सरकार आज गरीबों के आवास बनवाने के लिए पैसे दे रही है। आज 12 सौ करोड़ रुपए रिमोट कंट्रोल से आपके खाते में आए हैं। आने वाले सालों में भी आपके खाते में इसी तरह पैसे आएंगे।
राहुल गांधी ने बीजेपी और पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के पास भी रिमोट कंट्रोल है। बीजेपी रिमोट कंट्रोल को चोरी-छिपे दबाती है। हमने कैमरे के सामने रिमोट कंट्रोल दबाया। पीएम नरेंद्र मोदी चोरी-चुपके कंट्रोल दबाते हैं। जैसे ही रिमोट दबता है तो एक तरफ अडानी को मुंबई का एयरपोर्ट मिल जाता है। जब दोबारा दबाते हैं अडाणी को रेलवे का कांट्रैक्ट मिल जाता है। फिर दबाते हैं तो इंफ्रास्ट्रक्चर मिल जाता है।
तो देश में दो रिमोट कंट्रोल चल रहे हैं। यह एक मेरा जो सबके सामने चलता है। हम इसे दबाते हैं तो किसानों के खाते में पैसा चला जाता है। 2500 क्विंटल धान में मिलता है। अंग्रेजी स्कूल खुलते हैं। लेकिन जब बीजेपी बटन दबाती है, तो पब्लिक सेक्टर प्राइवेट हो जाता है। आपका जल, जंगल, जमीन उनके छुपे बटन से अडानी के हवाले हो जाता है।
राहुल ने कहा कि चुनाव के समय हमने आपसे छत्तीसगढ़ की नींव को मजबूत करने वाले वायदे किए थे। किसानो का कर्जा माफ, बिजली बिल हाफ और 2500 रुपए प्रति क्विंटल धान की खरीदी का वायदा हमने किया था। हमने यह वायदा पूरा किया। भूमिहीन मजदूरों को 7000 हजार रुपए प्रतिमाह हमने देना शुरू किया। स्वास्थ्य के लिए 70 लाख परिवारों को हमने 5 लाख रुपए तक इलाज की सुविधा दी। 42 हजार भर्तियां की। एक लाख 30 हजार युवाओं को प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता 2500 रुपए दे रहे हैं।
किसान न्याय योजना में हमने 21 हजार करोड़ रुपए इनपुट सब्सिडी के माध्यम से दिये। जिन किसानों के पास जमीन नहीं थी उन्हें भी हम नहीं भूले, उन्हें 7 हजार रुपए दिये। आदिवासियों को लघु वनोपजों के लिए समर्थन मूल्य दिया।
राहुल ने कहा कि जातिगत जनगणना हिंदुस्तान का एक्सरे है। इससे पता लग जाएगा कि देश में ओबीसी कितने हैं। आदिवासी कितने हैं। सामान्य वर्ग से कितने हैं। एक बार आंकड़ा आ जाएगा तो देश सबको लेकर आगे चल पाएगा। महिलाओं को भागीदारी देनी है। सबको भागीदारी देनी है तो जातिगत जनगणना करानी होगी।
इससे पहले सांसद राहुल गांधी और सीएम भूपेश बघेल ने ’आवास न्याय सम्मेलन’ में क्षेत्रवासियों को 669 करोड़ 69 लाख रुपए के 414 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें 195 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत के 247 कार्यों का शिलान्यास और 474 करोड़ 18 लाख रुपए की लागत के 167 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
इस मौके पर सांसद राहुल गांधी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ‘मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना’ के 500 हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपए के मान से 5 करोड़ की राशि का वितरण किया। बिलासपुर जिले के लिए 669 करोड़ 69 लाख रुपए की लागत वाले 414 विकास और निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। चयनित 2594 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र, नगरीय क्षेत्रों में 1117 हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र बांटें गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविन्द्र चौबे ने की।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



