Breaking News

कांग्रेस की चुनावी तैयारी तेज : दुर्ग में चलेगी TV एक्सप्रेस : ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के साथ चुनावी मंत्रणा का दौर शुरू

द सीजी न्यूज

फाईल फोटो – विधायक अरुण वोरा और उनके चचेरे भाई शानू वोरा। बीच में बैठे हैं छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू

विधानसभा चुनाव से पहले ही दुर्ग के राजनीतिक समीकरण तय कर लिये गए थे। राजनीतिक घटनाक्रमों के माध्यमों से साफ संदेश दे दिया गया कि दुर्ग की कांग्रेसी राजनीति में TV एक्सप्रेस ही चलेगी। TV एक्सप्रेस यानी ताम्रध्वज-वोरा एक्सप्रेस।

शिवनाथ नदी के किनारे एक होटल में आयोजित कांग्रेस के संकल्प शिविर में प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने वोरा को जिताने की अपील के साथ ही एक तरह से ऐलान कर दिया कि अरुण वोरा की टिकट फाइनल है। कांग्रेस के नियम कायदों को ताक पर रखकर ताम्रध्वज साहू के टिकट के ऐलान से उनकी साख को धक्का जरूर लगा लेकिन ताम्रध्वज ने यह भी साबित कर दिया कि प्रदेश की राजनीति में उनका दबदबा कायम है।  

हाल ही में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति की गई। दुर्ग विधानसभा प्रभारी इरफान खान को बनाया गया है। इरफान खान प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के करीबी हैं। इसी तरह दुर्ग लोकसभा प्रभारी की नियुक्ति में भी ताम्रध्वज कैंप से ही जिम्मेदारी दी गई है। दुर्ग लोकसभा प्रभारी (दुर्ग विधानसभा सहित तीन अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लिए) ताम्रध्वज के पुत्र जितेंद्र साहू को प्रभारी नियुक्त किया गया है। 

साफ जाहिर है कि वोरा की चुनावी कमान ताम्रध्वज के करीबी संभालेंगे। इरफान खान और जितेंद्र साहू को प्रभारी नियुक्त किये जाने से राजनीतिक हलकों में संदेश दे दिया गया है कि दुर्ग में TV एक्सप्रेस चलेगी। विरोधियों के विरोध के बावजूद धड़ल्ले से चलेगी। TV एक्सप्रेस के चलने से वोरा विरोधियों के तेवर ढीले पड़ने लगे हैं। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के कांग्रेस वर्किंग कमेटी के मेंबर बनने के बाद वोरा विरोधी कांग्रेसी अब इधर उधर होने लगे हैं। 

वोरा ने शुरू की चुनावी तैयारी      

इधर, ताम्रध्वज साहू से हरी झंडी मिलने के बाद विधायक अरुण वोरा ने चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। वोरा के चचेरे भाई शानू वोरा पिछले एक पखवाड़े में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की 6 बैठकें ले चुके हैं। शानू रायपुर से दुर्ग आकर देर रात तक बैठकें ले रहे हैं। फिलहाल बूथ कमेटियों के गठन से लेकर चुनावी तैयारियों को लेकर मंथन किया जा रहा है। अमूमन रात 9 बजे से रात 12 या 1 बजे तक बैठकें हो रही हैं। अभी तक दुर्ग शहर के महापौर सहित नगर निगम के एमआईसी मेंबरों और कांग्रेस पार्षदों व छाया पार्षदों को एक बार भी बैठक में नहीं बुलाया गया है। केवल ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों से ही मंत्रणा की जा रही है। सूत्र बता रहे हैं कि टिकट मिलने की घोषणा के बाद ही पार्षदों की बैठक बुलाई जाएगी। टिकट की घोषणा के बाद ही अन्य कांग्रेस नेताओं की भी बैठक होगी।

 

 

Check Also

ट्रंप के खासमखास हैं निगम कमिश्नर … शायद इसीलिये मनमानी चल रही … कोई रोकटोक नहीं लगा पा रहा है…

भिलाई के भाजपा विधायक रिकेश सेन की एक नहीं सुनते कमिश्नर, अगर सुनते तो भिलाई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!