द सीजी न्यूज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 अक्टूबर को नगरनार स्टील प्लांट का उद्घाटन करने बस्तर दौरे पर आएंगे। उसी दिन कांग्रेस पार्टी ने बस्तर बंद का आव्हान किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रविवार को राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नगरनार प्लांट को बेचना बस्तर की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। कांग्रेस ने विधानसभा में संकल्प पारित किया था कि राज्य सरकार इसे संचालित करेगी लेकिन केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को नीलामी से ही बाहर कर दिया। आदिवासी, किसान वहां पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पीएम घोषणा करें कि इसे निजी हाथों में नहीं दिया जाएगा। एनएमडीसी का एक मुख्यालय जगदलपुर खोला जाना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हम लगातार होने वाले निजीकरण का विरोध कर रहे हैं लेकिन दूसरा तरीका भी यह है कि 2024 में इनको हटाओ और निजीकरण को रोको । जब राज्य सरकार खुद कह रही हो कि वो प्लांट को संचालित कर लेगी तो परेशानी कहां हैं।
सीएम भूपेश ने कहा विधानसभा में हमने सर्व समिति के साथ यह प्रस्ताव पास किया था कि नगरनार स्टील प्लांट को राज्य सरकार को संचालित करने दिया जाए। उस वक्त बीजेपी के विधायकों ने साथ दिया था। मैं उनसे भी कहूंगा कि इस वक्त भी वे साथ दें और पीएम मोदी से बस्तर के हित में नगरनार को निजी हाथों में ना जाने देने की अपील करें।
भूपेश ने कहा कि आदिवासियों ने अपनी जमीन एनएमडीसी को दी थी, किसी निजी संस्थान के लिए नहीं। उनके पुनर्वास और नौकरी की हम मांग लगातार रखते हैं। एनएमडीसी ने अस्पताल खोलने का वादा किया था जो कि पूरा नहीं हुआ। पीएम आ रहे हैं तो बस्तर की जनता के लिए आदिवासियों के लिए AIMS खोलने की घोषणा करें।
पीएम के भाषण पर किया प्रहार : मोदी की गारंटी यही है कि वो जुमलेबाज हैं
बिलासपुर में प्रधानमंत्री के भाषण पर तीखा प्रहार करते हुए सीएम भूपेश बघेल ने पीएम मोदी को जुमेलबाज बताया। सीएम ने कहा कि मोदी की गारंटी यही है कि वो जुमलेबाज हैं। वे यहां आए हैं तो जुमला फेंक कर जरूर जाएंगे। उन्होंने पहले भी कई गारंटी दी है। उनमें से महंगाई से मुक्ति की एक गारंटी थी। नीति आयोग की रिपोर्ट में गोबर खरीदी की तारीफ होती है और बिलासपुर आकर वो कह रहे हैं कि घोटाला हो गया। भूपेश ने कहा कि अगर उन्हें छत्तीसगढ़ की इतनी चिंता है तो इतनी ट्रेनें छत्तीसगढ़ से क्यों रद्द की जा रही है। वंदे भारत ट्रेन के नाम पर किराया भी ज्यादा लिया जा रहा है।
पीएससी घोटाले के आरोपों पर ये कहा – आदेश निकाल दे कि अधिकारियों-नेताओं के बच्चे नहीं दे सकते परीक्षाएं
लगातार पीएससी घोटाले के आरोपों को लेकर विवाद पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि हमने शुरू से कहा कि जांच हो रही है। वो दोष बताएं? जांच पूरी होगी। कार्रवाई भी की जाएगी। दोषी कौन है, ये नहीं बता पा रहे हैं। केंद्र सरकार से एक आदेश पारित करवा दिया जाए कि अधिकारी और नेताओं के बच्चे पीएसी और यूपीएससी की परीक्षाएं नहीं दे सकते। इस आदेश का हम भी पालन कर लेंगे।
छत्तीसगढ़ से ज्यादा किसी भी राज्य में ट्रेनें नहीं हुई रद्द
सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगातार ट्रेनें रद्द हो रहीं हैं। जिस दिन पीएम का दौरा था, उस दिन भी 34 ट्रेनें रद्द थी। छत्तीसगढ़ से ज्यादा किसी भी राज्य में ट्रेने रद्द नहीं हो रही है। सुविधा पैसेंजर ट्रेन की और किराया सुपरफास्ट ट्रेन का लिया जा रहा है । यहां की जनता को बताएं कि आखिर उनके साथ ऐसा क्यों किया जा रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
