- कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अरुण वोरा को भारी मतों से जीत दिलाने का संकल्प लिया
द सीजी न्यूज
दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय कांग्रेस विधायक अरुण वोरा का आज कांग्रेस भवन में अभिनंदन किया गया। वोरा को कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने के बाद राजीव भवन दुर्ग में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं समेत महापौर, सभापति, एमआईसी मेंबर, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और सभी प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने उत्साह और जोश के साथ अरुण वोरा का अभिनंदन करते हुए पिछली जीत से दोगुनी बड़ी जीत दिलाने का संकल्प लिया।
बैठक में अरुण वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस ने अपने वादे पूरे किए हैं। कई नई जनकल्याणकारी योजनाओं को भी लागू किया गया और प्रदेश की जनता के साथ ग्रामीण व शहरी इलाकों का विकास किया। पांच साल में किये गए कांग्रेस सरकार के कार्यों से आम जनता का भरोसा प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर बढ़ा है।
कांग्रेस सरकार ने किसान, महिला, छात्र, व्यापारी, गृहिणी, मजदूर सहित सभी वर्गों के हित में उनके आर्थिक उत्थान और विकास के लिए कार्य किए हैं। 15 साल के भाजपा शासनकाल में विकास के कोई काम नहीं हुए। लेकिन पिछले 5 वर्षो में दुर्ग शहर में 500 करोड़ के विकास कार्य हुए हैं। दुर्ग शहर के हर वार्ड में बिना भेदभाव के विकास कार्य कराया गया है।
वोरा ने कहा कि दिग्गज कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा के मुख्यमंत्री कार्यकाल से लेकर आज तक दुर्ग शहर की जनता उनके लिए एक परिवार की तरह है। दुर्ग की जनता के साथ वे हमेशा खड़े रहेंगे। दुर्ग के विकास के लिए दृढ़संकल्पित है। वोरा ने कहा कि मेरे कार्यकर्ता मेरी ताकत हैं। सभी कार्यकर्ताओं ने हमेशा एकजुटता और मेहनत से कांग्रेस को जीत दिलाई है। इस बार भी सभी की मेहनत और सहयोग से दुर्ग में कांग्रेस की जीत होगी और प्रदेश में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी।
राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा ने कहा कि अरुण वोरा की लगातार सक्रियता और जनता के प्रति उनकी समर्पण की भावना ही उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय बनाती है। वोरा का आम जनता से जीवंत संपर्क और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में किए जा रहे कांग्रेस सरकार के लोक कल्याणकारी योजनाओं से वोरा को दुर्ग विधानसभा में भारी मतों से जीत मिलना तय है।
महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि विधायक अरुण वोरा के प्रयासों का परिणाम है कि दुर्ग शहर में 64 करोड़ से नेहरू नगर से मिनी माता चौक तक सड़क का निर्माण किया गया। शहर में सड़क व नाली के निर्माण के साथ ही जिले के सबसे रमणीक पर्यटन स्थल ठगड़ा बांध पिकनिक स्पाट का निर्माण हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने 36 में से 34 वादे पूरे किए और 62 जनकल्याणकारी योजनाओं का सफलतम क्रियान्वयन किया, जिसका लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को भी मिल रहा है।
निगम सभापति राजेश यादव ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता अनुभवी और जमीनी कार्यकर्ता है। अनुभाग, बूथ, सेक्टर, ब्लॉक और जिला स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आम जनता तक कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को पहुंचाना है। सरकार की योजनाओं से हर वर्ग का विकास हो रहा है। प्रदेश की जनता का कांग्रेस पर विश्वास बढ़ा है। प्रदेश में दोबारा पूर्ण बहुमत से कांग्रेस सरकार बनेगी। बैठक को मदरसा बोर्ड अध्यक्ष अलताफ अहमद, दुर्ग विधानसभा प्रभारी कमलकांत शुक्ला और इरफान खान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल ने भी संबोधित किया।
बैठक के बाद मध्य ब्लॉक के चंडी मंदिर सेक्टर कार्यालय का उद्घाटन विधायक अरुण वोरा, आर एन वर्मा, गया पटेल ने किया। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार साहू, अजय मिश्रा, महीप सिंह भुवाल, राजकुमार पाली, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कन्या ढीमर, एमआईसी मेंबर भोला महोबिया, संजय कोहले, हमीद खोखर, मनदीप भाटिया, जमुना साहू, सत्यवती वर्मा, प्रवक्ता नासिर खोखर, सेवादल अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, अनीस रजा, एनएसयूआई अध्यक्ष विनीश साहू, पार्षद नजहत परवीन, बृजलाल पटेल, मनीष यादव, रत्ना नारमदेव, देव सिन्हा, हरीश साहू, वरिष्ठ कांग्रेसी कमल नारायण रूंगटा, परमजीत सिंह भुई, हाजी इस्माइल खान, फतेह सिंह भाटिया, लिखन साहू, राजू भाटिया, संजय गर्ग, वहीद चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने विधायक प्रत्याशी अरुण वोरा को भारी मतों से दोबारा जीत दिलाने का संकल्प लिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

